उत्तराखंड को वर्ष 2022 में राष्ट्रीय खेलों की मिल गई मेजबानी
खेल मंत्री अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक में वर्ष 2022 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के संबंध में चर्चा की गई।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड को वर्ष 2022 में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी मिल ही गई है। खेलों के आयोजन को लेकर 22 दिसंबर को नई दिल्ली में बैठक आयोजित की गई है। खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने सचिव खेल भूपिंदर कौर औलख को पूरी तैयारी के साथ बैठक में शिरकत करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को खेल मंत्री अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में खेल विभाग की समीक्षा बैठक में वर्ष 2022 में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के संबंध में चर्चा की गई। बताया गया कि अप्रैल 2019 में गोवा में राष्ट्रीय खेल होने हैं। इनमें खेल व युवा कल्याण विभाग की एक संयुक्त टीम भेजी जाएगी। इसके साथ ही एक प्रतिनिधिमंडल भी खेलों की तैयारियों का जायजा लेगा। इसके बाद केरल में इन खेलों का आयोजन किया जाएगा।
वर्ष 2022 में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल होंगे। बैठक में खेल मंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के एकीकरण के संबंध में लिए गए कैबिनेट निर्णय के शीघ्र क्रियान्वयन के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाए।
बैठक में युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए फुटबॉल व ऐथलेटिक्स एकेडमी बनाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ प्रतियोगिता का उद्घाटन आगामी आठ जनवरी को किया जाएगा। इसमें अंडर-14,17 और 19 आयु वर्ग, महिला ओपन (19-25 वर्ष) और दिव्यांग वर्ग निर्धारित किए गए हैं। बताया गया कि युवा महोत्सव 29 से लेकर 31 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। खेल मंत्री ने परेड मैदान से प्राप्त होने वाली आय को जिला स्तर पर खर्च न कर खेल विभाग के स्तर से खेलों के प्रोत्साहन में उपयोग करने के निर्देश दिए।
महिला पीआरडी कर्मियों को मिलेगा मातृत्व अवकाश
प्रांतीय रक्षक दल की महिला स्वयं सेवकों को भी अब मातृत्व अवकाश देय होगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरविंद पांडेय ने इस दिशा में समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीआरडी कर्मियों का ईपीएफ, ईएसआई व जनरल इंश्योरेंस करवाए जाने व उपनल की भांति ही सवैतनिक अवकाश प्रदान करने के भी निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: रणजी ट्रॉफी: मैच बचाने में सफल रहे नागालैंड के बल्लेबाज
यह भी पढ़ें: अजय गौतम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट: यूपीसी राइनो और यूपीसी लॉयंस की शानदार जीत