71 की उम्र में केदारनाथ धाम पहुंचे थे नाना पाटेकर, पहाड़ों की खूबसूरती ने बनाया सफर यादगार
नाना पाटेकर ने 2022 में एक मराठी फिल्म की शूटिंग के दौरान उत्तराखंड का दौरा किया, जहां उन्होंने 71 साल ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
हिमांशु जोशी, देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर का उत्तराखंड से जुड़ाव केवल फिल्मों की शूटिंग तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 2022 में मराठी फिल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड पहुंचे नाना पाटेकर ने पहाड़ों को करीब से महसूस किया।
रुद्रप्रयाग, चमोली, चोपता, दुगलबिट्टा, बनियाकुंड और मलारी जैसे पहाड़ी इलाकों में शूटिंग के दौरान उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक खूबसूरती को देखा, लेकिन उनके इस सफर का सबसे खास पड़ाव रहा केदारनाथ।
71 की उम्र में चढ़ाई कर पहुंचे केदारनाथ
फिल्म की शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने 71 वर्ष की उम्र में केदारनाथ की चढ़ाई भी की थी। वह केदारनाथ-भैरवनाथ पहाड़ी क्षेत्र तक पहुंचे। उनकी इस यात्रा का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। उम्र के इस पड़ाव में पहाड़ की कठिन चढ़ाई करते नाना पाटेकर को देखकर उनके प्रशंसकों ने खूब सराहना की थी।
यह भी पढ़ें- शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर को भाया था उत्तराखंड का ये हिल स्टेशन, कर ली थी यहीं बसने की प्लानिंग
नाना पाटेकर जिस फिल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड आए थे, उसकी कहानी पिता-पुत्र के रिश्ते पर आधारित थी। फिल्म के दृश्यों के लिए उत्तराखंड के दुर्गम और खूबसूरत पहाड़ी इलाकों को चुना गया था। शूटिंग के सिलसिले में उन्हें कई दिनों तक गढ़वाल की वादियों में रहने का मौका मिला।
पहाड़ की सादगी भी आई पसंद
उत्तराखंड प्रवास के दौरान नाना पाटेकर ने यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ स्थानीय खान-पान का भी आनंद लिया। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर त्रिभुवन चौहान के अनुसार, नाना पाटेकर को मंडुवे की रोटी और राई-पालक की सब्जी खूब पसंद आई थी। पहाड़ी टोपी भी उन्हें पसंद आई और वह इसे पहनकर नजर आए।
केदारनाथ की यात्रा, पहाड़ी खान-पान और स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का यह अनुभव नाना पाटेकर के उत्तराखंड प्रवास को खास बना गया। यही वजह रही कि शूटिंग खत्म होने के बाद भी उत्तराखंड की पहाड़ियां और यहां की सादगी उनकी यादों में बनी रहीं।
