विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अब नगर निगम में भी बनेंगे आयुष्मान योजना के कार्ड Dehradun News

By Edited By:
Published: Mon, 02 Dec 2019 09:30 PM (IST)Updated: Tue, 03 Dec 2019 11:30 AM (IST)

अब देहरादून नगर निगम में भी अटल आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम में जल्द वृहद स्तर पर शिविर का आयोजन किया जाएगा।

अब नगर निगम में भी बनेंगे आयुष्मान योजना के कार्ड Dehradun News
अब नगर निगम में भी बनेंगे आयुष्मान योजना के कार्ड Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। अब देहरादून नगर निगम में भी अटल आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के कार्ड बनाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम में जल्द वृहद स्तर पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। नगर निगम बोर्ड के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य अटल आयुष्मान योजना के अध्यक्ष डीके कोटिया ने इसका अनुरोध निगम से किया था, जिसे महापौर सुनील उनियाल गामा ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। कार्यक्रम में महापौर सुनील उनियाल गामा ने केक काटकर सफलतापूर्वक एक साल पूरा करने पर पूरे बोर्ड को बधाई दी। 

इस अवसर पर आयुष्मान योजना के अध्यक्ष डीके कोटिया ने कहा कि प्रदेश की आबादी वर्तमान में करीब सवा करोड़ को पार कर गई होगी। इसके बावजूद आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड महज 34 लाख ही बन पाए हैं। देहरादून में भी मात्र छह लाख कार्ड बन पाए हैं और अभी तक एक लाख पाच हजार लोगों ने इसकी सेवाएं ली हैं। 

उन्होंने कहा कि कैंसर, दिल की बीमारी और तमाम गंभीर रोग से जूझ रहे 9,500 से अधिक मरीजों ने कार्ड के माध्यम से इलाज कराया है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों को कार्ड के दायरे में लाया जाना जरूरी है। नगर निगम जैसे प्रतिष्ठान इसमें सहयोग करें तो पूरी आबादी को स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा सकती है। 

इस अवसर पर कैंट क्षेत्र के विधायक हरबंस कपूर, मसूरी क्षेत्र के विधायक गणेश जोशी, धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय, उप नगर आयुक्त सोनिया पंत आदि उपस्थित रहे। 

विकास कार्यों में नहीं की राजनीति 

महापौर सुनील उनियाल गामा ने कार्यक्रम के बाद पार्षदों के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में राजनीति नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने इसी का पालन किया है। वार्ड के पार्षद चाहे भाजपा के हों या कांग्रेस के, सभी जगह समान रूप से कार्य कराए गए हैं। इस अवसर पर महापौर ने पार्षदों से विकास संबंधी सुझाव भी मांगे। 

पार्षदों ने दिए सुझाव 

- 74वा संशोधन लागू किया जाए। ताकि पेयजल निगम, जल संस्थान, लोनिवि समेत तमाम विभाग नगर निगम के अधीन रहकर जनता के अनुरूप कार्य कर सकें। 

- सभी नए वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। - वार्डों में समुचित स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तेजी से हो। 

- सभी पार्षदों को बेंच दी जाए। ताकि जरूरी स्थानों पर उन्हें लगाकर लोगों को सुविधा दी जा सके। 

- सभी वार्डों में अटल आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाए जाने चाहिए। 

- गोबर गैस प्लाट बनाए जाएं, तबेलों को रिहायशी कॉलोनियों से शिफ्ट किया जाए। 

यह भी पढ़ें: टैक्स असेसमेंट में घपले की मंगलवार को सुनवाई, नहीं दिया जाएगा दूसरा मौका

चलते-चलते गिर पड़े विधायक जोशी 

पार्षदों की बैठक में पहुंचे मसूरी क्षेत्र के विधायक गणेश जोशी ने उन्हें एक साल के कार्यकाल पूरा होने की बधाई दी। इसके बाद जैसे ही वह जाने लगे तो पैर उलझने से गिर पड़े। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने उन्हें उठाया और हाल पूछा। गनीमत रही कि उन्हें चोट नहीं आई, मगर उन्होंने मोच की शिकायत की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।