मसूरी में स्कूल कैंपस की मजार पर बजरंग दल का हंगामा, हनुमान मंदिर के लिए मांगी जमीन
मसूरी में बजरंग दल ने वाइनबर्ग एलन स्कूल की संपत्ति पर बनी बाबा बुल्लेशाह की मजार हटाने की मांग को ...और पढ़ें
HighLights
बजरंग दल ने मसूरी में मजार हटाने की मांग की
वाइनबर्ग एलन स्कूल की संपत्ति पर बनी है यह मजार
संगठन ने एक सप्ताह में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
संवाद सहयोगी, जागरण मसूरी। बालाहिसार क्षेत्र में वाइनबर्ग एलन स्कूल की संपत्ति पर बनी बाबा बुल्लेशाह की मजार को हटाने की मांग को लेकर शुक्रवार को बजरंग दल ने प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मजार को नहीं हटाया गया तो संगठन आंदोलन शुरू करेगा। मौके पर पुलिस बल के साथ नगर पालिका, प्रशासन, वन विभाग के अधिकारी तथा वाइनबर्ग एलन स्कूल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मौके पर पहुंचा बजरंग दल
बजरंग दल के अध्यक्ष संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि मसूरी में विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से मजारें बनाई जा रही हैं, जिसे उन्होंने 'लैंड जिहाद' करार दिया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर मामला सामने आने के बाद बजरंग दल मौके पर पहुंचा है।
उनका कहना था कि मजार भले ही पुरानी बताई जा रही हो, लेकिन यहां कई नई मजारें भी बनी हैं।
- यदि स्कूल ने मजार के लिए भूमि दी है, तो संगठन हनुमान मंदिर व माता के मंदिर के लिए भी भूमि की मांग करेगा।
एक सप्ताह का दिया समय
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन ने मजार को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया तो बजरंग दल अपने स्तर से कार्रवाई करेगा। साथ ही कहा कि शहर के अन्य स्थानों पर बनी मजारों के विरुद्ध भी आंदोलन किया जाएगा।
- सवाल उठाया कि जब एक मजार के लिए जमीन दी गई, तो अन्य नई मजारें कैसे बन गईं।
स्कूल की सहमति से बनी मजार
नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि मामला इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संज्ञान में आया। वाइनबर्ग एलन स्कूल प्रबंधन ने प्रशासन को बताया है कि मजार स्कूल की सहमति से बनी है।
मजार का किया निरीक्षण
नगर पालिका के कर अधीक्षक अनिरुद्ध सिंह चौधरी ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर राजस्व, वन विभाग और स्कूल प्रतिनिधियों के साथ मजार का निरीक्षण किया गया। जांच में सामने आया कि मजार एलन स्कूल की संपत्ति पर बनी है। स्कूल की संपत्ति के दस्तावेज नगर पालिका में उपलब्ध हैं, जबकि मजार से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिले हैं।

स्कूल को नहीं आपत्ति
वाइनबर्ग एलन स्कूल के अकाउंटेंट संजय मैनी ने कहा कि संबंधित संपत्ति स्कूल की है और मजार करीब 50 वर्ष पहले स्कूल की अनुमति से बनाई गई थी। स्कूल को इससे कोई आपत्ति नहीं है। वन विभाग की ओर से भी नोटिस मिला था, जिस पर स्कूल ने स्पष्ट किया कि भूमि उसकी निजी संपत्ति है।
नहीं किया अवैध निर्माण
बाबा बुल्लेशाह मजार समिति के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा कि मजार वाइनबर्ग एलन स्कूल की निजी भूमि पर उनकी अनुमति से बनी है। बिजली-पानी सहित सभी बिल स्कूल के नाम पर आते हैं। उन्होंने बताया कि यह पुरानी मजार है और इसमें किसी प्रकार का नया अवैध निर्माण नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि मजार पर 44 वर्षों से उर्स का आयोजन होता आ रहा है और यह सभी धर्मों के लोगों की आस्था का केंद्र है। मसूरी शांति प्रिय शहर है। यदि कोई धार्मिक स्थल सरकारी भूमि पर बना हो तो उसकी जांच होनी चाहिए और प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।


