उत्तराखंड के 25 साल पूरे होने पर 7045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट फतह कर लौटा आइएचएम दल, सीएम धामी ने दी बधाई
भारतीय तटरक्षक बल और हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट ने 7045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर इतिहास रचा। ...और पढ़ें
-1791809665574_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। भारतीय तटरक्षक बल व हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (आइएचएम) ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में इतिहास रचते हुए पहली बार सात हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली पर्वत चोटी पर सफल आरोहण किया है।
इस संयुक्त अभियान दल ने 7045 मीटर ऊंचे माउंट मुकुट ईस्ट को फतह किया।उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्षों को समर्पित इस अभियान के दौरान शिखर पर 2500 वर्ग फुट का विशाल उत्तराखंड ध्वज भी फहराया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में अभियान दल का फ्लैग-इन कर पर्वतारोहियों की इस उपलब्धि पर बधाई दी। मुख्यमंत्री आवास में सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालय की विषम परिस्थितियों में शिखर तक पहुंचना पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और टीम भावना का प्रमाण है।
यह उपलब्धि भारतीय तटरक्षक बल के साथ पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि साहस, शौर्य और पर्वतारोहण की समृद्ध परंपरा उत्तराखंड की पहचान है। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर माउंट मुकुट ईस्ट के शिखर पर विशाल उत्तराखंड ध्वज फहराया जाना प्रदेश की गौरवशाली यात्रा और हिमालय से उसके गहरे जुड़ाव का प्रतीक है।
प्रदेश में साहसिक पर्यटन और पर्वतारोहण की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे अभियान युवाओं को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देते हैं। एचएमआइ के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी के नेतृत्व में संचालित यह अभियान 15 सितंबर से नौ अक्टूबर 2026 तक चला।
कार्यक्रम में कर्नल रजनीश जोशी ने बताया कि भारतीय तटरक्षक बल वर्ष 2027 में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे करेगा। स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों के तहत पर्वतारोहियों के चयन और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी एचएमआइ को सौंपी गई है।
माउंट मुकुट ईस्ट का आरोहण इसी तैयारी का हिस्सा था। इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल व डीएस चौहान, कमांडेंट अमित उनियाल व विश्वजीत सिंह तथा एचएमआइ के पासांग तेनजिंग शेरपा सहित अभियान दल के सदस्य उपस्थित रहे।
