देहरादून में 'ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक' का असर: बार का लाइसेंस रद, 27 शराबी चालक गिरफ्तार
देहरादून पुलिस ने 'ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक' के तहत देर रात खुले मिले एक बार का लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। आपरेशन नाइट स्ट्राइक के तहत पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए एक बार का लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी है वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवक व व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया, जिसके बाद उनका चालान किया गया।
एसपी सिटी शेखर सुयाल के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में होटल, पब, बार व रेस्टोरेंट पर औचक दबिश दी गई। इस दौरान धोरण रोड स्थित डी3 बार के निर्धारित समय के बाद भी खुला होने व लाइसेंसों की शर्तों का उल्लंघन करने पर बार संचालक के विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई तथा बार का लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई।
इसके अतिरिक्त अलग-अलग थाना क्षेत्रों में देर रात्रि तक अनावश्यक रूप से घूम रहे 61 व्यक्तियों व युवकों को पुलिस आवश्यक पूछताछ के लिए संबंधित थानों पर लाया गया, जिनसे आवश्यक पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर संबंधित वाहनों को सीज किया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 97 वाहन चालकों के चालान करते हुए 39 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर 78 व्यक्तियों के चालान किए गए।
सत्यापन अभियान के तहत 147 भवन स्वामियों के चालान
रविवार देर रात शहर व देहात क्षेत्रों में अलग-अलग पुलिस टीमों ने सत्यापन अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्र में मलिन बस्तियों, पाश कालोनियों, हास्टल, पीजी व होमस्टे में रहने वाले 1500 से अधिक किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों व छात्रों के साथ-साथ पूर्व के आपराधिक घटनाओं में लिप्त और जमानत पर चल रहे 28 आरोपितों का भौतिक सत्यापन किया।
बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के दौरान किरायेदारों व घरेलू नौकरों का सत्यापन न कराने व अन्य अनियमितता मिलने पर पुलिस ने 147 भवन स्वामियों के चालान करते हुए उन पर 14.70 लाख रुपये का जुर्माना किया। दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संदिग्ध रूप से घूम रहे 23 व्यक्तियों को पुलिस पूछताछ के लिए थाने लेकर आई।
