Monsoon in Uttarakhand : मानसून की दस्तक से पहले ही बारिश बरपा रही कहर, मलबा आने से दो घंटे बंद रहा मसूरी हाईवे
Monsoon in Uttarakhand मानसून की दस्तक से पहले ही उत्तराखंड में भूस्खलन और मार्गों पर मलबा आने का क्रम शुरू हो गया है। देर रात मसूरी हाईवे गगोली धार के पास बंद हो गया। दो घंटे बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग पर यातायात सुचारू करवाया गया।
संवाद सहयोगी, मसूरी : Monsoon in Uttarakhand : मानसून की दस्तक से पहले ही उत्तराखंड में भूस्खलन और मार्गों पर मलबा आने का क्रम शुरू हो गया है। वर्षा ने गर्मी और उमस से तो राहत दी, मगर मार्गों पर मलबा आदि आने से राहगीरों के लिए परेशानी खड़ी हो गई।
मलबा हटाकर मार्ग पर यातायात सुचारू करवाया गया
मंगलवार देर रात मसूरी हाईवे गगोली धार के पास बंद हो गया। लगभग दो घंटे बाद जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर मार्ग पर यातायात सुचारू करवाया गया। जानकारी के मुताबिक बीती रात सवा बारह बजे हाईवे पर मलबा और बोल्डर आ गए थे, जिस कारण मार्ग बंद हो गया था। लोनिवि के सहायक अभियंता पुष्पेंद्र ने बताया कि मार्ग पर यातायात लगभग दो घंटे बंद रहा।
भूस्खलन और मलबे ने परेशानी बढ़ाई
इससे पहले मंगलवार को दिन में भी पहाड़ी से मलबा गिरने से भट्ठा गांव के समीप मसूरी-देहरादून राजमार्ग करीब तीन घंटे तक बाधित रहा। मलबे में सड़क किनारे खड़ी पर्यटकों की कार दब गई। हालांकि कार में कोई मौजूद नहीं था। किंक्रेग-मैसानिक लाज मार्ग और कंपनी गार्डन मार्ग क्षेत्र में भी वर्षा के कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया। इससे वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।
भूस्खलन से सिमली क्षेत्र के कई लिंक मार्ग बंद
चमोली जिले के सिमली क्षेत्र में लगातार वर्षा से कई लिंक मार्ग व पैदल मार्ग पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, वहीं पेयजल लाइनें टूटने से क्षेत्र में पेयजल संकट भी मंडराने लगा है। सोमवार रात्रि को हुई तेज वर्षा से भूस्खलन होने से काफी मात्रा में मलबा सड़क पर आने से धारडूगरी, गोपथला मैखुरा, डिम्मर, टटासू सिमली, केला पानी, सुमल्टा मोटर मार्ग बंद हो गए, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही ठप हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि डिम्मर, सिमली मोटर मार्ग खाली गाड-गदेरे में भारी पानी और मलबा आने से 50 मीटर सड़क बह गई है। वहीं, टासू गदेरे का जलस्तर बढऩे से पेयजल लाइन भी क्षतिग्रस्त हुई है।
प्रभावित ग्रामीण राखी डिमरी, सुशील खंडूरी, अशोक खंडूरी, शोभित डिमरी, रविंद्र खंडूरी, बलबीर लाल और जगमोहन लाल ने लोक निर्माण विभाग से शीघ्र मोटर मार्ग खोलने की मांग की, जिस पर अधिकारियों ने मौके पर जेसीबी मशीन भेजी व आश्वासन दिया कि सभी सड़कों को जल्द सुचारू कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें :- Monsoon 2022 : उत्तराखंड में 24 घंटे में दस्तक दे सकता है मानसून, देहरादून में तेज बारिश से टूटी दीवार, दो आटो भी बहे