विधायक नेगी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखा पक्ष, कहा-जांच को हैं तैयार; कांग्रेस पर लगाए आरोप
यौन उत्पीड़न में विधायक महेश नेगी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि वो हर जांच के लिए तैयार हैं।
देहरादून, जेएनएन। भाजपा विधायक महेश नेगी ने यौन उत्पीड़न में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के सामने अपना पक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें महिला द्वारा एक षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है, जिसमें कुछ कांग्रेसी भी शामिल हैं।
दरअसल, एक महिला ने विधायक महेश नेगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसको लेकर सोमवार को विधायक महेश नेगी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के सामने अपना पक्ष रखा। नेगी ने कहा कि महिला एक षड्यंत्र के तहत उन्हें फंसा रही है। ये महिला पहले भी अन्य लोगों को गलत ढंग से फंसा चुकी है। उससे जुड़े कई मामले हैं।
नेगी ने ये भी बताया कि वे इसको लेकर और साक्ष्य एकत्र कर रहे हैं। वे इन साक्ष्यों को पुलिस को सौंपेंगे। इसके अलावा वे पुलिस को जांच में पूरा सहयोग दे रहे हैं और देते रहेंगे। महेश नेगी ने कहा कि पहले इस महिला ने ब्लैकमेल का प्रयास किया और जब उनकी पत्नी ने इस मामले की एफआइआर कराई, तो महिला ने अपने को बचाने के लिए उन पर आरोप लगा दिए और पुलिस को तहरीर दे दी।
यह भी पढ़ें: विधायक चैंपियन की भाजपा में वापसी, छह साल के लिए किया था निष्कासित; 13 माह में ही माफी
वहीं, बंशीधर भगत ने बताया कि नेगी ने उन्हें कुछ दस्तावेज भी दिखाए हैं। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है और हम जांच परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने विभिन्न मामलों में जिन चार विधायकों को अपना पक्ष रखने को आने के लिए सूचना भिजवाई थी, उनमें से कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, देशराज कर्णवाल के प्रकरण निस्तारित हो गए हैं। नेगी का प्रकरण फिलहाल पुलिस के विवेचनाधीन है, जबकि पूरण सिंह फर्त्याल से संपर्क नहीं होने से उन्हें सूचना नहीं हो पाई।