विधायक चैंपियन की भाजपा में वापसी, छह साल के लिए किया था निष्कासित; 13 माह में ही माफी
भाजपा से निष्कासित खानपुर (हरिद्वार) के विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की भाजपा में वापसी हो गई है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। पिछले साल 18 जुलाई को अनुशासनहीनता के आरोप में छह साल के लिए भाजपा से निष्कासित किए गए खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की सोमवार को भाजपा में वापसी हो गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने यमुना कॉलोनी स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में इसका एलान किया। इस मौके पर भगत समेत अन्य नेताओं ने चैंपियन का पार्टी में स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल को भी पार्टी ने माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों ने भाजपा की रीति-नीति के अनुसार चलने और अनुशासन में रहने का भरोसा दिलाया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने कहा कि शुक्रवार को हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में विधायक चैंपियन और कर्णवाल के मसले पर विमर्श हुआ था। अनुशासनहीन आचरण के आरोप में कर्णवाल को नोटिस दिया गया था, जिसका वह जवाब दे चुके हैं। तय हुआ कि दोनों विधायकों के अपनी गलतियों के लिए खेद जताने के मद्देनजर इन पर फैसला ले लिया जाना चाहिए। इसी क्रम में बीते रोज दोनों विधायकों का पक्ष सुना गया। दोनों ने ही पिछली गलतियों की पुनरावृत्ति न होने देने का भरोसा दिलाया।
भगत ने कहा कि जब कोई गलती करता है तो उसे इसका अहसास कराया जाता है। इसी के दृष्टिगत विधायक चैंपियन को पार्टी से निष्कासित किया गया। चैंपियन ने न सिर्फ अपनी गलती स्वीकारी, बल्कि 13 माह में कोई अमर्यादित कार्य या व्यवहार नहीं किया। वह निरंतर भाजपा के संपर्क में बने भी रहे।
विधायक चैंपियन ने कहा कि पूर्व में उनसे गलतियां हुईं, मगर बीते 13 माह में पार्टी की रीति-नीति का पालन किया। गत वर्ष वायरल हुए वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए वह माफी मांग चुके हैं। उन्होंने कहा, मेरी दादी लैंसडौंन क्षेत्र के सिमारखाल की रहने वाली थीं। मेरे अंदर तो आधा खून पहाड़ का है। ऐसे में देवभूमि के लिए गलत कैसे बोल सकता हूं। यदि गलती हुई है तो पुन: क्षमा मांगता हूं। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की नाराजगी के बारे में पूछने पर चैंपियन ने कहा कि वह बड़े नेता हैं, उनके बारे में कुछ नहीं कह सकते।
यह भी पढ़ें: तमंचे पे डिस्को : उत्तराखंड में भाजपा विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन का एक और Video Viral