विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में मासूम शर्मा के कार्यक्रम पर विवाद, मंच से माफी और शर्तों पर बनी सहमति

Published: Wed, 30 Sep 2026 10:47 PM (GMT+05:30)

देहरादून में गायक मासूम शर्मा के प्रस्तावित कार्यक्रम पर विवाद गहरा गया है। आयोजकों और विरोध कर रहे संगठनों के ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के एक अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उक्रांद, मूल निवास, भू-कानून संघर्ष समिति सहित कई अन्य संगठन इस कार्यक्रम का विरोध कर रहे हैं।

इस बीच क्रिकेट एसोसिएशन आफ उत्तराखंड (सीएयू) के अध्यक्ष दीपक मेहरा और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित डोभाल ने बुधवार को इस विषय पर मूल निवास, भू-कानून संघर्ष समिति की कोर समिति के साथ बैठक की।

समिति से विरोध-प्रदर्शन स्थगित करने का अनुरोध किया। समिति ने स्पष्ट किया कि उसकी प्राथमिक मांग कार्यक्रम रद करना है। जिस पर सीएयू की ओर से बताया गया कि कलाकार को कार्यक्रम का आधा भुगतान पहले ही किया जा चुका है।

ऐसे में इस समय कार्यक्रम रद करना संभव नहीं है। इसके बाद समिति ने अपनी शर्तें रखीं, जिन पर सहमति बनी है। मूल निवास, भू-कानून संघर्ष समिति के संस्थापक मोहित डिमरी के अनुसार, मासूम शर्मा को कार्यक्रम के मंच से उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी होगी।

भविष्य में मंच से गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। उत्तराखंड की धरती पर फूहड़ और आपत्तिजनक गीत प्रस्तुत नहीं किए जाएंगे।

समिति की ओर से सीएयू को एक लिखित पत्र दिया जाएगा, जिसे कार्यक्रम के मंच से सार्वजनिक रूप से पढ़ा जाएगा। भविष्य के कार्यक्रमों में उत्तराखंड के स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने पर भी सहमति बनी है।

कलाकारों के विरोध में नहीं समिति

मूल निवास, भू-कानून संघर्ष समिति की कोर समिति ने कहा कि उसका विरोध किसी कलाकार या किसी विशेष क्षेत्र के कलाकार से नहीं है। आपत्ति फूहड़ता, अश्लीलता, गाली-गलौज और ऐसी भाषा को लेकर है, जिसे समिति उत्तराखंड की सामाजिक व सांस्कृतिक गरिमा के खिलाफ मानती है।

समिति ने कहा कि देशभर के कलाकारों का उत्तराखंड में स्वागत है, लेकिन यहां आने वाले कलाकारों से जनता, मातृशक्ति और संस्कृति के सम्मान की अपेक्षा है। समिति ने कहा कि फिलहाल बातचीत का रास्ता अपनाया गया है। भविष्य में इस तरह की आपत्तिजनक भाषा या प्रस्तुति दोहराए जाने पर बड़े विरोध की चेतावनी दी गई है।

उक्रांद ने किय विरोध

इस बीच कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने भी विरोध जताया है। उक्रांद महानगर अध्यक्ष प्रबीन चंद रमोला ने कहा कि डीएवी पीजी कालेज में मासूम शर्मा की कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर पहले विवाद हो चुका है।

ऐसे में उन्हें दोबारा उत्तराखंड के बड़े मंच पर बुलाना उचित नहीं है। उक्रांद ने कार्यक्रम रद कर स्थानीय कलाकारों को मौका देने की मांग की है। कार्यक्रम रद नहीं होने पर एक अक्टूबर को स्टेडियम के बाहर प्रदर्शन और उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन व सरकार का पुतला दहन करने की चेतावनी दी है।

कार्यक्रम आयोजकों की ओर से सिंगर मासूम शर्मा को बुलाया गया है। पुलिस कानून-व्यवस्था कायम रखने का पूरा प्रयास करेगी। पर्याप्त सुरक्षा बल आयोजनस्थल पर तैनात रहेगा।

शेखर सुयाल, एसपी सिटी

यह भी पढ़ें- देहरादून के एमकेपी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में एबीवीपी का दबदबा, पांच पदों पर अभाविप और एक पर एनएसयूआई की जीत

यह भी पढ़ें- साइंस सिटी देहरादून परियोजना को केंद्र से मिलेगी 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि