विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रविवार को बाजार बंदी पर स्थिति नहीं साफ, जानिए क्या है व्यापारियों की मांग और सुझाव

By Edited By:
Published: Sat, 10 Oct 2020 08:10 PM (IST)Updated: Sun, 11 Oct 2020 09:35 AM (IST)

उद्योग व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन के समक्ष रविवार को साप्ताहिक बंदी में कुछ बाजार खुले रहने का मामला उठाया। ...और पढ़ें

रविवार को बाजार बंदी पर स्थिति नहीं साफ।
रविवार को बाजार बंदी पर स्थिति नहीं साफ।

देहरादून, जेएनएन। दून उद्योग व्यापार मंडल ने पुलिस प्रशासन के समक्ष रविवार को साप्ताहिक बंदी में कुछ बाजार खुले रहने का मामला उठाया। उन्होंने मांग की कि बाजार बंदी को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, जिससे व्यापारियों में असमंजस की स्थिति न रहे। शनिवार को दून उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विपिन नागलिया व कार्यकारी अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल एसपी सिटी श्वेता चौबे से उनके कार्यालय में मिला। व्यापारियों ने साप्ताहिक बाजार बंदी के अलावा आगामी त्योहारों के दृष्टिगत देहरादून के समस्त बाजारों पर ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा व कोविड-19 से बचाव आदि मामलों को उनके समक्ष रखा। 

व्यापारियों ने बताया कि रविवार को साप्ताहिक बंदी में अभी दुकानदारों और आमजन में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिसको पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया जाए कि रविवार को क्या-क्या खुलना है और क्या नहीं। देखने में आया है कि कई स्थानों पर मॉल इत्यादि खुल रहे हैं, ऐसे में केवल क्षेत्र विशेष जैसे पलटन बाजार, राजपुर रोड के दुकानदारों को ही रविवार को व्यापार नहीं करने दिया जा रहा है, जो गलत है। दून उद्योग व्यापार मंडल के महासचिव सुनील मैसोन ने सराफा व्यापारी के साथ हुई लूट पर चिंता जताई। कहा कि आगामी त्योहारों में होने वाली भीड़ के मद्देनजर सराफा व्यापारी चिंतित हैं। 
उधर, एसपी सिटी श्वेता चौबे ने कहा कि व्यापारियों के सुझाव पर अमल किया जाएगा। रविवार को बाजार खुला रहेगा या नहीं, इसका निर्णय जिलाधिकारी की ओर से लिया जाएगा। इस मौके पर दून उद्योग व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, संगठन मंत्री दीपक गुप्ता, मीडिया प्रभारी राजेश बडोनी, देवेंद्र ढल्ला, इंद्रा मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष सरदार गुरभेज सिंह, चकराता रोड व्यापार मंडल से सरदार अमरजीत सिंह, आनंद, न्यू मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरीश मेहता, राजपुर व्यापार मंडल से शकील अहमद आदि मौजूद रहे। 
व्यापारियों ने यह रखे सुझाव 
  • त्योहार के दौरान फूलमालाओं, दीये और अन्य सजावटी वस्तुओं के स्टॉल को संडे मार्केट वाले स्थान पर लगवा दिया जाए। 
  • राजपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार से चलने वाले डंपरों से दुर्घटना का खतरा बना रहा है। इन पर पुलिस कार्रवाई करे। 
  • तंग सड़क और अधिक ट्रैफिक को देखते हुए कावली रोड पर ट्रैफिक को सहारनपुर चौक से वन-वे कर दिया जाए।
  • औद्योगिक क्षेत्र में बड़े वाहनों को नो एंट्री से मुक्त रखा जाए, जिससे उद्योगों का भारी सामान कंपनी तक पहुंच सके।
  • पटाखों के व्यापारियों को लाइसेंस की अनुमति और लाइसेंस प्रक्रिया समय पर पूरी हो, ताकि पटाखा व्यापारियों को दिक्कतें न हो। 
  • ग्राहकों के चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया जाए, जिससे बाजार में जाम न लगे। 
दून वैली व्यापार मंडल रविवार को बाजार खोलने के पक्ष में
दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल आगामी त्योहारों के दौरान रविवार को व्यापारिक प्रतिष्ठान खुला रखने के पक्ष में है। इस संबंध में व्यापार मंडल ने महापौर सुनील उनियाल गामा से मुलाकात की और आने वाले छह रविवार को बाजार खुला रखने का आग्रह किया। व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष पंकज मैसोन के नेतृत्व में महापौर सुनील उनियाल गामा से उनके कार्यालय में मिला। कहा कि 17 अक्टूबर से त्योहारों का सीजन शुरू हो रहा हैं। 
व्यापारी वर्ग के हितों को देखते हुए आने वाले छह रविवार (11अक्टूबर से 15 नवंबर 2020 तक) बाजार खुलवाने की इजाजत दें, जिससे व्यापारी वर्ग अपना कुछ व्यवसाय इन त्योहारों के दिनों में कर सकें। साथ ही महापौर से आग्रह किया गया कि अतिक्रमण को तोड़ने का अभियान दीपावली तक स्थगित कर दिया जाए, ताकि व्यापारी बिना किसी भय के कारोबार कर सकें। 
इस मौके पर व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हरीश विरमानी और शेखर फुलारा, महासचिव पंकज डिडान, सहसचिव अनिल आनंद के अलावा रवि मल्होत्रा, अमन सडाना, केवल कुमार, सनी कुमार, रोहित बहल प्रवीण कुकरेजा आदि मौजूद रहे। वहीं, महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि व्यापारी वर्ग ने आगामी त्योहारों को देखते हुए दीपावली तक रविवार को बाजार खोलने का आग्रह किया है। इस बारे में जिलाधिकारी को अवगत करवाया जा रहा है। बाजार खोलने का अंतिम निर्णय प्रशासन की ओर से ही लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।