Lockdown Effect: अब ईडियट बॉक्स बनेगा छात्रों का स्कूल, जानिए कैसे होगी पढ़ाई
टेलीविजन बुरे वक्त में प्रदेश के छह लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल बनने जा रहा है। कक्षा नौ से 12वीं के छात्र-छात्राओं को टेलीविजन पर दूरदर्शन के माध्यम से पढ़ाया जाएगा।
देहरादून, रविंद्र बड़थ्वाल। कभी ईडियट बॉक्स कहलाने वाला टेलीविजन बुरे वक्त में प्रदेश के छह लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं के लिए स्कूल बनने जा रहा है। सरकारी और सहायताप्राप्त अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा नौ से 12वीं के छात्र-छात्राओं को टेलीविजन पर दूरदर्शन के माध्यम से पढ़ाया जाएगा। प्रदेश सरकार के इस अहम कदम से दूरदराज पर्वतीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी की समस्या से जूझ रहे छात्र-छात्राओं को भी पढ़ाई का मौका मिलेगा। प्रदेश सरकार की कोशिशें रंग लाई हैं। दूरदर्शन ने इस काम के लिए हामी भर दी है।
उत्तराखंड बोर्ड से संबद्ध 3674 माध्यमिक विद्यालयों में ज्यादातर नौ पर्वतीय जिलों और अन्य दो जिलों देहरादून और नैनीताल के पर्वतीय हिस्सों में हैं। इन क्षेत्रों में ऑनलाइन पढ़ाई में इंटरनेट कनेक्टिविटी बड़ी समस्या है। वहीं, पर्वतीय से लेकर मैदानी जिलों में पढ़ने वाले इन छात्र-छात्राओं के लिए कमजोर आर्थिक स्थिति भी अपने स्तर पर ऑनलाइन पढ़ाई में आड़े आ रही है।
यह परेशान अब दूर होगी। दूरदर्शन के माध्यम से अब इन छात्र-छात्राओं को लॉकडाउन के दौरान घर बैठे पढ़ने का अवसर मिलेगा। कक्षा नौ से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए वर्चुअल क्लास की सीडी शिक्षा महकमे ने पहले से तैयार की हैं। अब विद्यालय बंद होने से यह व्यवस्था भी ठप है। वर्चुअल क्लास के लिए तैयार की गईं सीडी का प्रसारण दूरदर्शन करेगा।
यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lockdown में अब बिना किताबों के मजेदार होगी पढ़ाई, ये है प्लानिंग
शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि दूरदर्शन के साथ सहमति बन चुकी है। जल्द घर-घर तक दूरदर्शन के माध्यम से उत्तराखंड बोर्ड के छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रलय की ई-पाठशाला वेबसाइट का लिंक छात्र-छात्राओं को बताया जा रहा है। इस लिंक पर जाकर छठवीं कक्षा से 12वीं तक छात्र-छात्राएं अपने सभी पाठ देख सकेंगे।