विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड में लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने रचा इतिहास, बने सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राज्यपाल

Published: Mon, 06 Jul 2026 09:04 AM (IST)

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) राज्य के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राज्यपाल ...और पढ़ें

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि)।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि)।

HighLights

  1. राज्यपाल गुरमीत सिंह बने उत्तराखंड के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले

  2. उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल का 1,755 दिनों का रिकॉर्ड तोड़ा

  3. 15 सितंबर, 2021 को ली थी उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल की शपथ

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून उत्तराखंड के राजनीतिक और संवैधानिक इतिहास में सोमवार यानी छह जुलाई का दिन ऐतिहासिक रिकॉर्ड के रूप में दर्ज होने जा रहा है। प्रदेश के वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) राज्य के इतिहास में अब तक के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राज्यपाल बन गए हैं। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के करीब 19 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए यह नया कीर्तिमान अपने नाम किया है।

पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के कार्यकाल काे पीछे छोड़ बनाया नया कीर्तिमान

इससे पहले सबसे लंबे समय तक सेवा देने का रिकॉर्ड राज्य के दूसरे राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के नाम था। उनका कार्यकाल 1,755 दिनों का रहा था। उन्होंने आठ जनवरी, 2003 को पदभार संभाला और 28 अक्टूबर, 2007 तक इस पद को सुशोभित किया।

15 सितंबर, 2021 को उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी

वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने 15 सितंबर, 2021 को उत्तराखंड के आठवें राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। रविवार को उन्होंने लोक भवन में अपने कार्यकाल के सफलतम 1,755 दिन पूरे कर लिए।

साेमवार को इस पद पर उनका 1,756वां दिन शुरू होने के साथ ही वह उत्तराखंड के इतिहास में सबसे अधिक समय तक सेवा देने वाले राज्यपाल बन गए।

यह भी पढ़ें- बागेश्वर में रात भर मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित: 14 सड़कें बंद, 12वीं तक के स्कूलों में आज अवकाश

वीरभूमि के लिए गौरव का क्षण

सैन्य बहुल उत्तराखंड के लिए यह संयोग बेहद खास और गर्व करने वाला है। देवभूमि और वीरभूमि के रूप में विख्यात इस प्रदेश में एक उत्कृष्ट सैन्य पृष्ठभूमि से आने वाले राज्यपाल के नाम यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। सितंबर, 2021 में कार्यभार संभालने के बाद से ही राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास, रिवर्स पलायन, महिला सशक्तीकरण और उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसून का जोर, बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी