उत्तराखंड में मानसून का जोर, बागेश्वर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है, जहां देहरादून में हल्की तो रुड़की में झमाझम बारिश हुई।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां तेज होने के आसार
बागेश्वर जिले के लिए भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट
देहरादून, रुड़की समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून की गतिविधि तेज होने के आसार हैं। रविवार को राजधानी देहरादून में सुबह तेज धूप खिलने के बाद दोपहर तक बादलों ने आसमान में डेरा जमा लिया और शहर के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हुई।
वहीं, रुड़की में झमाझम वर्षा से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, वर्षा के बावजूद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है और उमस लोगों को परेशान कर रही है। आज कहीं-कहीं तेज वर्षा के दौर संभव हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज वर्षा के दौर देखने को मिल सकते हैं।
मौसम विभाग ने बागेश्वर जिले के लिए आरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा की आशंका जताई है। प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत और नैनीताल जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी दी है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
विभिन्न शहरों का तापमान
- शहर, अधिकतम, न्यूनतम
- देहरादून, 33.2, 25.3
- पंतनगर, 35.0, 26.6
- मुक्तेश्वर, 23.6, 16.4
- नई टिहरी, 26.2, 17.2
यह भी पढ़ें- रुड़की में एक घंटे की बारिश ने खोली प्रशासन के दावों की पोल, रामपुर चुंगी पर भारी जलभराव
