विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून के रायवाला में सड़कों पर घूम रहा है गुलदार, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद

Published: Sun, 28 Dec 2025 03:36 PM (IST)

देहरादून के रायवाला स्थित छिद्दरवाला के आशा प्लाट क्षेत्र में गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग दहशत में हैं। हाल ...और पढ़ें

छिद्दरवाला के आशा प्लाट में सड़क पर घूमता गुलदार

छिद्दरवाला के आशा प्लाट में सड़क पर घूमता गुलदार

HighLights

  1. छिद्दरवाला, रायवाला में गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग आतंकित।

  2. सीसीटीवी में गुलदार को सड़क पर कुत्ते का पीछा करते देखा गया।

  3. स्थानीय लोग वन विभाग से ठोस सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे।

संवाद सूत्र, जागरण, रायवाला : छिद्दरवाला के आशा प्लाट क्षेत्र में इन दिनों गुलदार की लगातार चहलकदमी से लोग आतंकित हैं। कहने को वन विभाग ने गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है, मगर गुलदार उसकी तरफ झांकने को भी तैयार नहीं है।

वह गालियों में शिकार तलाश रहा है। बीती रात सड़क पर घूम रहा गुलदार वहां एक कुत्ते के पीछे दौड़ा। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।

जिसमें दिखाई दे रहा है कि एक कुत्ता सड़क पर टहल रहा है, तभी वह सामने से आ रहे गुलदार को देखकर ठिठक जाता है, और फिर तेजी से वापस अपने घर की तरफ भागता है। वहीं, शिकार की तलाश में घूम रहा गुलदार कुत्ते का पीछा करता है मगर उसे पकड़ नहीं पाता।

इसके बाद गुलदार काफी देर तक दूसरे शिकार की तलाश में वहीं सड़क पर इधर-उधर मंडराता रहता है। ग्राम प्रधान गोकुल रमोला का कहना है कि शाम ढलते ही गुलदार आबादी क्षेत्र के आस-पास मंडराने लगते हैं।

अब तक वह कई कुत्तों को निवाला बना चुका है। ऐसे में बड़ी अनहोनी का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। महज पिंजरा लगा देने से लोगों को कैसे राहत मिल सकती है। जन सुरक्षा के ठोस उपाय किये जाने जरूरी हैं।

स्थानीय लोगों में गुलदार की दहशत

दरअसल, इन दिनों छिद्दरवाला, चकजोगीवाला व आसपास आबादी क्षेत्र में काफी दिनों से लगातार गुलदार दिखाई दे रहा है। कई बार तो राहगीरों का गुलदार से आमना-सामना भो हो चुका है। हर दिन गुलदार की चहलकदमी की वीडियो आस-पास घरों में लगे सीसीटीवी में कैद हो रही हैं।

बता दें कि यह क्षेत्र देहरादून वन प्रभाग की बड़कोट रेंज, ऋषिकेश रेंज व राजाजी टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है। जहां काफी आबादी भी है और रोजमर्रा के काम से लोग देर रात तक आवागमन करते रहते हैं। गुलदार की मौजूदगी से स्थानीय निवासियों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें- अल्मोड़ा में जंगल की ओर भागते हुए खेत के बाड़े में फंसा गुलदार, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

यह भी पढ़ें- पौड़ी गढ़वाल में खंडाह-असनोली मोटर मार्ग के समीप मिला मादा गुलदार का शव, मचा हड़कंप