विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले सीएम धामी का बड़ा ऐलान, राज्य की लखपति दीदियों को मिलेगी 20-20 हजार की प्रोत्साहन राशि

Published: Fri, 13 Nov 2026 09:22 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में लखपति दीदियों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित 70,876 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लखपति दीदियों को सरकार 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने जा रही है। अब तक समूहों से जुड़ी 5,20,989 महिलाओं में से 3,10,994 महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यानी इन्हें सालाना एक लाख रुपये से ज्यादा की आमदनी हो रही है।

जल्द ही शेष महिलाएं भी इस श्रेणी में आ जाएंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन में लखपति दीदियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। अगले माह से प्रोत्साहन राशि 10-10 हजार रुपये की दो किस्तों में लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लखपति दीदियों को आजीविका संवर्द्धन, कौशल विकास, उद्यमिता विकास, वित्तीय समावेशन और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रोत्साहन राशि देने का निश्चय किया गया है। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों के अलावा आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी सरकार जल्द ही वृद्धि करने जा रही है।

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने नाम लिए बगैर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके एक नेता (राहुल गांधी) यहां आए और बोले कि नकल के मामलों में कोई कार्रवाई नहीं हुई, जबकि उत्तराखंड में 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा गया।

सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून लागू किया और पिछले पांच साल में 35 हजार से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता, प्रतिभा व क्षमता के बल पर नियुक्तियां मिली हैं।

सुरक्षित उत्तराखंड देना हमारी जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के स्वरूप को बनाए रखते हुए नई पीढ़ी को सुरक्षित उत्तराखंड देना हमारी जिम्मेदारी है। इस कड़ी में जनसांख्यिकीय बदलाव के दृष्टिगत सख्त मतांतरण कानून लागू किया गया है। 13 हजार एकड़ भूमि कब्जामुक्त कराई गई, जिस पर हरी, नीली, पीली चादर के ढांचे थे। इन्हें कानून के दायरे में हटाया गया।

यह भी पढ़ें- हरिद्वार कुंभ को एतिहासिक बनाने के लिए महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने सीएम धामी से की चर्चा

यह भी पढ़ें- सीएम धामी की मांग पर केंद्र का सकारात्मक रुख, उत्तराखंड में IISER और AIIA की स्थापना को मिल सकती है हरी झंडी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।