Dehradun: साइकिल रैली व चंद्रायनी माता की पूजा के साथ खलंगा मेला शुरू, आज गोरखा संस्कृति के बिखरेंगे रंग
नालापानी (सागरताल) में खलंगा युद्ध के वीर वीरांगनाओं के साहस व बलिदान की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक 48वां खलंगा मेला शुरू हो गया। पहले दिन खलंगा बहादुरी साइकिल रैली के माध्यम से युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ रहने का संदेश दिया।
जागरण संवाददाता, देहरादून: नालापानी (सागरताल) में खलंगा युद्ध के वीर वीरांगनाओं के साहस व बलिदान की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय ऐतिहासिक 48वां खलंगा मेला शुरू हो गया। पहले दिन खलंगा बहादुरी साइकिल रैली के माध्यम से युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ रहने का संदेश दिया। वहीं लोग ने चंद्रायनी मंदिर में पूजा व यज्ञ किया। इस दौरान बलभद्र खलंगा विकास समिति के दिवंगत सदस्यों के 20 स्वजन को सम्मानित किया।
पुष्पाजंलि अर्पित कर वीरों को दी श्रद्धांजलि
शनिवार को बलभद्र खलंगा विकास समिति की ओर से सहस्रधारा रोड स्थित खलंगा युद्ध स्मारक में समिति के सदस्यों ने पुष्पाजंलि अर्पित कर वीरों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल विक्रम सिंह थापा, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने खलंगा बहादुरी साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
खलंगा युद्ध कीर्ति स्तंभ तक निकाली साइकिल रैली
दून बाइक राइडर्स टीम के कप्तान गोपाल राना के नेतृत्व में युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर खलंगा युद्ध स्मारक से खलंगा युद्ध कीर्ति स्तंभ तक साइकिल रैली निकाली। इसके बाद दोपहर में चंद्रायनी मंदिर में पूजा अर्चना, यज्ञ किया और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समिति की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि वर्ष 1814 में नालापानी (सागरताल) में गोरखा, उत्तर भारत के गढ़वाली व कुमाऊंनी और 600 वीर- वीरांगनाओं ने सेनानायक बलभद्र थापा के नेतृत्व में अदम्य साहस का परिचय देते हुए तीन बार अंग्रेजों के आक्रमण को विफल कर उन्हें परास्त किया गया था।
समिति हर वर्ष आयोजित करती है मेला
बलभद्र थापा व उनके वीर सैनिक इस चंद्रयानी मंदिर में प्रतिदिन पूजा- अर्चना किया करते थे। इन्हीं वीर सैनिकों की याद में समिति हर वर्ष मेला आयोजित करती है। रविवार को मुख्य मेले में गोरखा संस्कृति के रंग बिखरेंगे व लोग पारंपरिक व्यंजन का आनंद भी उठाएंगे। इस मौके पर समिति की उपाध्यक्ष बीनू गुरूंग, सहसचिव विनित भुषाल, कोषाध्यक्ष शशिकांत शाही,कैप्टन वाईबी थापा, एडवोकेट एलबी गुरूंग, वरिष्ठ सलाहकार कर्नल सीबी थापा, पूर्व अध्यक्ष राम सिंह थापा ,कर्नल डीएस खड़का आदि मौजूद रहे।