देहरादून में इंडिया गठबंधन का 'लोकतंत्र बचाओ-वोट बचाओ' मार्च, चुनाव आयोग से जवाबदेही की मांग
देहरादून में इंडिया गठबंधन और सिविल सोसाइटी ने 'लोकतंत्र बचाओ-वोट बचाओ' मार्च निकाला, जिसमें मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की गई।
-1791462611392_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। मतदाता अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के घटक दलों और सिविल सोसाइटी संगठनों ने गुरुवार को देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-वोट बचाओ’ संयुक्त मार्च निकाला।
प्रदर्शनकारियों ने आठ अक्टूबर को लोकतंत्र के इतिहास का ‘काला दिवस’ बताते हुए चुनाव आयोग से मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
-1791462759836.webp)
महानगर कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन, राजपुर रोड से जुलूस के रूप में गांधी पार्क पहुंचे। यहां इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों और सिविल सोसाइटी संगठनों के प्रतिनिधि भी मार्च में शामिल हुए।
इसके बाद नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता घंटाघर पहुंचे, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। बाद में मार्च डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचा और सभा में तब्दील हो गया।
मतदाता सूची से हटे नामों की समीक्षा की मांग
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और आम मतदाता के वोट के अधिकार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटता है तो उसकी पारदर्शी समीक्षा कर उचित समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए इंडिया गठबंधन आगे भी संघर्ष जारी रखेगा।
सभा को संबोधित करते हुए माकपा नेता इंद्रेश मैखुरी ने मतदाता सूची से हटाए गए नामों की समीक्षा करने और पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जोड़ने की मांग की।
कामरेड समर भंडारी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर गठबंधन की ओर से उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया। सीटू के लेखराज ने कहा कि चुनाव आयोग की जवाबदेही और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल एकजुट हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. एसएन सचान ने कहा कि मतदाता अधिकारों से जुड़े सवालों को गंभीरता से लेते हुए चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।
ECI-NET को लेकर भी उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने चुनावी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीकी व्यवस्था ECI-NET को लेकर उठ रहे सवालों का उल्लेख करते हुए चुनाव आयोग से इस संबंध में स्पष्ट और सार्वजनिक जवाब देने की मांग की।
सभा में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, सुजाता पॉल, इंसानियत मंच के संयोजक डॉ. रवि चोपड़ा, सीपीआई(एम) के जिला सचिव शिव प्रसाद देवली समेत अन्य नेताओं ने भी विचार रखे।
यह भी पढ़ें- देहरादून में ग्राम प्रधानों का सचिवालय कूच, 10 सूत्रीय मांगों के लिए तोड़ डाली बैरिकेड
यह भी पढ़ें- देहरादून ट्रिपल मर्डर: पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपे गए शव, अब बयानों से जुड़ेगी वारदात की कड़ी
