हिमालय की धाराओं को बह रहा तीन दशक पुराना पानी, IIT रुड़की के साझा शोध में खुलासा
हिमालयी धाराओं में बहने वाला पानी दशकों पुराना है, यह खुलासा आईआईटी रुड़की के एक साझा शोध में हुआ है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
आईआईटी रुड़की शोध में हिमालयी जलस्रोतों का बड़ा खुलासा।
41% प्राकृतिक जलस्रोतों में 30 साल पुराना भूजल मौजूद।
मानसून का योगदान 82%, ट्रिटियम से पानी की उम्र ज्ञात।
सुमन सेमवाल, देहरादून। हिमालय के पहाड़ों में बहने वाली धाराओं और झरनों का पानी केवल हाल की वर्षा या बर्फबारी से नहीं आता। इनमें से कई जलस्रोत ऐसे पानी से पोषित हो रहे हैं, जो करीब तीन दशक पहले जमीन में समाया था। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की, राष्ट्रीय जलविज्ञान संस्थान (एनआईएच) रुड़की और राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान (एनआईओ) के साझा शोध में यह तथ्य सामने आया है।
अध्ययन के मुताबिक, अलकनंदा नदी बेसिन के टकोली गाड जलग्रहण क्षेत्र में जांचे गए करीब 41 प्रतिशत प्राकृतिक जलस्रोतों में 30 साल से अधिक पुराना भूजल पाया गया। यह शोध हिमालय के भूजल भंडारण और प्राकृतिक जलस्रोतों के सूखने की समस्या को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
143 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में किया व्यापक अध्ययन
विज्ञानियों ने उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में स्थित टकोली गाड जलग्रहण क्षेत्र को अध्ययन के लिए चुना। यह क्षेत्र अलकनंदा नदी बेसिन के अंतर्गत आता है और लगभग 143 वर्ग किलोमीटर में फैला है। शोधकर्ताओं ने तीन अलग-अलग मौसमों में प्राकृतिक जलस्रोतों और वर्षा जल के नमूने एकत्र किए।
इस दौरान 155 जलस्रोतों और छोटी-बड़ी धाराओं से 434 नमूने लिए गए। इसके अलावा 67 गांवों में स्थापित 75 वर्षामापी केंद्रों से वर्षा जल के 392 नमूने एकत्र किए गए। इस व्यापक अध्ययन का उद्देश्य यह समझना था कि पहाड़ों में पानी कहां से आता है, जमीन के भीतर कितने समय तक रहता है और किस प्रक्रिया से दोबारा प्राकृतिक जलस्रोतों के रूप में बाहर निकलता है।
ट्रिटियम से पता लगाई पानी की उम्र
इस शोध की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता पानी की उम्र पता लगाने के लिए रेडियोधर्मी आईसोटोप ट्रिटियम का इस्तेमाल रहा। इसके साथ ऑक्सीजन-18 और ड्यूटेरियम जैसे स्थिर आईसोटोप का भी विश्लेषण किया। ट्रिटियम की मात्रा के आधार पर भूजल के जमीन के भीतर रहने की अवधि का अनुमान लगाया जाता है।
अध्ययन में यह भी सामने आया कि लगभग 17 प्रतिशत जलस्रोत ही अपेक्षाकृत नए यानी एक से दो साल पुराने पानी पर निर्भर हैं। यानी अधिकतर जलस्रोत गहरे भूजल भंडार से जुड़े हैं, जो लंबे सूखे के दौरान भी पानी देते रहते हैं।
मानसून से मिलता है 82 प्रतिशत पानी
शोध में एक और महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया कि टकोली गाड क्षेत्र के प्राकृतिक जलस्रोतों के पानी में दक्षिण-पश्चिम मानसून का योगदान लगभग 82 प्रतिशत है। सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ से होने वाली वर्षा और बर्फबारी का योगदान करीब 10 प्रतिशत तथा मार्च से मई के बीच होने वाली वर्षा का योगदान लगभग आठ प्रतिशत पाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।