हरीश रावत की यात्रा पर हाईकमान की आपत्ति, दिल्ली में वेणुगोपाल से मुलाकात टली, अब शुक्रवार को सैलजा से हो सकती है भेंट
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की 'धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा' पर कांग्रेस हाईकमान की आपत्ति के बाद वे दिल्ली पहुंचे हैं। ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में धन्यवाद और जनसंवाद यात्रा निकालने पर कांग्रेस हाईकमान की आपत्ति के बाद दिल्ली पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल से भेंट नहीं हो सकी। हरीश रावत दो दिन से दिल्ली में हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उनकी प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से भेंट होगी।
प्रदेश में विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस सामूहिक नेतृत्व में जाने की रणनीति पर अमल कर रही है। चुनाव के दृष्टिगत गतिविधियों में सभी वरिष्ठ नेताओं की सामूहिक भागेदारी इसी रणनीति का हिस्सा है।
इस बीच, पार्टी के कुछ निर्णयों से नाखुश पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने दिल्ली में स्वास्थ्य लाभ के बाद लौटते ही धन्यवाद और जनसंवाद यात्रा का कार्यक्रम घोषित किया। हरिद्वार से यह कार्यक्रम आरंभ होने के बाद ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर से हल्द्वानी तक दूसरे चरण की यात्रा के दौरान पार्टी ने उनके इस कार्यक्रम पर आपत्ति व्यक्त की थी।
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने बुजुर्ग नेता को पत्र भेजकर प्रदेश संगठन की ओर से तय कार्यक्रमों में ही सामूहिक भागेदारी की अपेक्षा की। साथ ही पार्टी संगठन से अलग किसी प्रकार के कार्यक्रम पर आपत्ति व्यक्त की थी।
यह अलग बात है कि पार्टी की इस हिदायत के बावजूद हरीश रावत ने जसपुर से हल्द्वानी तक यात्रा निकाली तो इसके बाद उन्हें स्पष्टीकरण के लिए दिल्ली तलब करने की जानकारी सामने आई। गत बुधवार को प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और शुक्रवार को राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगाेपाल से मिलने का कार्यक्रम नियत हुआ।
बुधवार को दिल्ली रवाना होते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने उन्हें तलब किए जाने पर पार्टी से अपने 60 वर्ष के जुड़ाव का हवाला देते हुए स्पष्टीकरण दिए जाने को लेकर उत्सुकता प्रकट की थी। हरीश रावत यानी हरदा को जानने वालों ने उनकी इस उत्सुकता के उनके अंदाज को उनके तंज के रूप में भी देखा।
बुधवार को हरदा की प्रदेश प्रभारी से मुलाकात नहीं हो पाई। गुरुवार को भी राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात नहीं होने की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यालय की ओर से दी गई। बताया गया कि अब शुक्रवार को दोपहर 12 बजे उनकी मुलाकात प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा से होगी।
