विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरीश रावत ने बैणी-भुली योजना को बताया चुनावी घूस, '10 हजार में उत्तराखंड की मातृशक्ति का वोट नहीं खरीदा जा सकता'

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:28 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 01:35 PM (IST)

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने धामी सरकार की बैणी-भुली योजना को चुनावी घूस बताया, कहा कि 10 हजार रुपये देकर उत्तराखंड की मातृशक्ति का वोट नहीं खरीदा जा सकता।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत. File Photo

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत. File Photo

HighLights

  1. हरीश रावत ने बैणी-भुली योजना को चुनावी घूस कहा

  2. 10 हजार में मातृशक्ति का वोट नहीं खरीदा जा सकता

  3. कांग्रेस ने योजना के सीमित दायरे पर सवाल उठाए

जागरण संवाददाता, देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने बैणी-भुली योजना को लेकर धामी सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि भाजपा 10 वर्षों से सत्ता में है, लेकिन इस दौरान उसने कोई ठोस जनकल्याणकारी कार्य नहीं किए। अब चुनाव में हार की आशंका से घबराकर सरकार लोकलुभावन घोषणाएं कर रही है। 10 हजार रुपये देकर उत्तराखंड की मातृशक्ति का वोट नहीं खरीदा जा सकता। उन्होंने बैणी-भुली योजना को घोषणा के बजाय घूस करार देते हुए कहा कि यह महिलाओं को चुनाव से पहले प्रलोभन देने का प्रयास है।

कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में हरीश रावत ने कहा कि बैणी-भुली योजना दो किस्तों में दी जानी है। इसमें एक किस्त धामी सरकार देगी, जबकि दूसरी किस्त अगली सरकार के जिम्मे छोड़ दी गई है। यह कैसा न्याय है। सरकार को यदि महिलाओं की चिंता थी तो एक वर्ष पहले ही योजना लागू कर नियमित रूप से लाभ देना चाहिए था। उन्होंने महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल में भी चुनाव के दौरान इसी तरह की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को प्रलोभन देने का आरोप लगाया।

भाजपा अपने चहेतों को दे रही 210 करोड़ रुपये

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा अपने चहेतों को अन्य योजना के मध्यम से 210 करोड़ रुपये दे रही है, जबकि प्रदेश की बहनों को पांच से दस हजार रुपये देने की घोषणा कर रही है। यह महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 24 लाख महिलाओं में से 19 लाख से अधिक के बैंक खाते हैं। इसके बावजूद बैणी-भुली योजना का लाभ केवल साढ़े पांच लाख महिलाओं तक सीमित क्यों रखा गया है। बाकी महिलाओं ने क्या अपराध किया है।

गोदियाल ने सवाल उठाया कि जब सरकार इसे अनुदान बता रही है तो महिलाओं से आवेदन फार्म भरवाने की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले एक वर्ष से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रही थी, लेकिन सरकार ने चुनाव नजदीक आते ही सीमित संख्या में महिलाओं के लिए योजना घोषित की। उन्होंने अन्य राज्यों में चुनाव के दौरान घोषित योजनाओं का पूरा लाभ लाभार्थियों को नहीं मिलने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं के विभिन्न वर्गों को योजना से बाहर रख रही है। माता, बेटी, ताई, चाची और बौड़ी भी उत्तराखंड की मातृशक्ति हैं। ऐसे में सहायता का दायरा सीमित रखना साजिश है।

कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यदि धामी सरकार हर वर्ष प्रदेश की मातृशक्ति को 10-10 हजार रुपये देती तो कांग्रेस भी उसकी सराहना करती। लेकिन चुनाव के समय एकमुश्त सहायता की घोषणा करना राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी इसे गेम चेंजर योजना बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस इसे धनबल के सहारे चुनाव जीतने की तैयारी मानती है।

प्रीतम सिंह ने बेरोजगारी और पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने पूछा कि पेपर लीक प्रकरण की सीबीआइ जांच का क्या हुआ और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार कौन सी ठोस योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं और युवा सरकार की घोषणाओं से अधिक उसके कामकाज का मूल्यांकन करेंगे। चुनाव प्रचार अभियान समिति की अध्यक्ष डॉ हरीश रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेवड़ी योजना को लेकर दिए गए एक भाषण को पत्रकार वार्ता में सुनाया।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रखा एक घंटे का मौन उपवास

यह भी पढ़ें- पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने तली पकौड़ियां, स्वाद भी चखा... बोले- “वाह रे रामू, तेरे पकौड़े“

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।