हरिद्वार में विवादित रास्ते से हटी पॉड टैक्सी परियोजना, अब वाल्मीकि चौक से ललतारो पुल और भीमगोड़ा होते हुए गुजरेगी
हरिद्वार पॉड टैक्सी परियोजना के अलाइनमेंट का विवाद सुलझ गया है। अब यह वाल्मीकि चौक से ललतारो पुल और भीमगोड़ा होते हुए गंगनहर के किनारे से गुजरेगी, जिसे मेट्रो बोर्ड ने मंजूरी दे दी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
पॉड टैक्सी अलाइनमेंट विवाद हरिद्वार में आखिरकार सुलझा।
नया मार्ग वाल्मीकि चौक से गंगनहर किनारे तय।
मेट्रो बोर्ड ने नए अलाइनमेंट को दी मंजूरी।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। हरिद्वार में प्रस्तावित पॉड टैक्सी (पर्सनल रैपिड ट्रांजिट) परियोजना के अलाइनमेंट को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार सुलझ गया है। शहर के व्यापारिक और धार्मिक लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में ट्रैक निकालने को लेकर उठी आपत्तियों के बीच अब नया रास्ता तय कर लिया गया है।
पॉड टैक्सी का विवादित हिस्सा हटाकर इसे वाल्मीकि चौक से ललतारो पुल, भीमगोड़ा होते हुए गंगनहर के किनारे से निकालने पर सहमति बनी है। मेट्रो बोर्ड की बुधवार को हुई बैठक में नए अलाइनमेंट पर मुहर लगा दी गई। परियोजना के बाकी रूट में कोई फेरबदल नहीं किया गया है।
हरिद्वार में पीआरटी परियोजना के प्रस्तावित रूट को लेकर शुरुआत से ही विरोध के स्वर उठ रहे थे। खासतौर पर शहर के भीतर से एलिवेटेड ट्रैक निकालने पर आपत्ति जताई गई थी। स्थानीय लोगों का तर्क था कि ट्रैक निर्माण के लिए सड़क पर पिलर खड़े करने से पहले से सीमित सड़कें और संकरी हो जाएंगी। इससे बाजारों में आवाजाही, व्यापारिक गतिविधियों और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। विरोध के चलते नए अलाइनमेंट पर विचार किया गया।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब 50 खेल शामिल, पुरस्कार राशि भी बढ़ी
हरिद्वार पॉड टैक्सी (पीआरटी) परियोजना
प्रस्तावित नेटवर्क: करीब 20.74 किलोमीटर लंबा और 21 स्टेशन प्रस्तावित।
कुल चार कॉरिडोर
1. सीतापुर-भारत माता मंदिर : 14.55 किमी
2. सिटी हॉस्पिटल-दक्ष मंदिर : 3.11 किमी
3. वाल्मीकि चौक-ललतारो पुल : 0.70 किमी
4. गणेशपुरम-डीएवी स्कूल : 2.38 किमी
अब वाल्मीकि चौक से ललतारो पुल और भीमगोड़ा होते हुए गंगनहर किनारे का विकल्प स्वीकार किया गया है। जिस हिस्से को लेकर सबसे ज्यादा आपत्ति थी, उसे नए अलाइनमेंट से बाहर कर दिया गया है। मेट्रो बोर्ड ने इसे मंजूरी दे दी है। कैबिनेट से मंजूरी के बाद परियोजना पर काम आगे शुरू कराया जाएगा।- डॉ. आर राजेश कुमार, सचिव-आवास