उत्तराखंड में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में अब 50 खेल शामिल, पुरस्कार राशि भी बढ़ी
उत्तराखंड सरकार ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और पुरस्कार राशि में वृद्धि को मंजूरी दी है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। फाइल फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी में 50 खेल शामिल होंगे।
विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भारी वृद्धि की गई।
हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित होंगे।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी के तहत आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में पुरस्कार राशि बढ़ाने के साथ ही खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। प्रतियोगिता में अब प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे। सरकार के इन निर्णयों से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल सकेंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतियोगिता के विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में वृद्धि को अनुमोदन दिया है। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400, द्वितीय 200 से 300 और तृतीय 150 से 200 रुपये किया गया है।
विधानसभा स्तर पर ये पुरस्कार क्रमश: 700, 500 और 400 रुपये होंगे। पहले यह राशि 500, 400 और 300 रुपये थी। इसी प्रकार संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार अब 1000, 800 और 600 रुपये मिलेंगे।
राज्य स्तर पर पुरस्कार राशि बढ़ाकर क्रमश: 2000, 1500 और 1000 रुपये की गई है। प्रतियोगिता में ओवरआल विजेता जनपद को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। आयोजन के लिए कुल बजट में भी यथोचित वृद्धि की जाएगी।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। यहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। वहीं, चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सुंदरीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी अनुमोदन प्रदान किया गया।