Move to Jagran APP

औली बनेगा शाही शादी का गवाह, खर्च होंगे 200 करोड़ रूपये

भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीका के चर्चित उद्योगपति गुप्ता बंधुओं ने अपने पुत्रों के विवाह के लिए चमोली जिले में स्थित औली को चुना है। इस आयोजन पर दो सौ करोड़ से अधिक खर्च होंगे।

By Edited By: Published: Fri, 07 Jun 2019 09:23 PM (IST)Updated: Sat, 08 Jun 2019 08:34 PM (IST)
औली बनेगा शाही शादी का गवाह, खर्च होंगे 200 करोड़ रूपये
औली बनेगा शाही शादी का गवाह, खर्च होंगे 200 करोड़ रूपये

देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश सरकार की उत्तराखंड को लोकप्रिय वैडिंग डेस्टिनेशन बनाने की पहल रंग लाती दिख रही है। भारतीय मूल के दक्षिण अफ्रीका के चर्चित उद्योगपति गुप्ता बंधुओं ने अपने पुत्रों के विवाह के लिए चमोली जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा केंद्र औली को चुना है। 18 से 22 जून तक यहां दो विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिनमें कई बॉलीवुड हस्तियों के पहुंचने की संभावना है। औली में इस आयोजन पर दो सौ करोड़ से अधिक राशि खर्च होने का अनुमान है। विवाह समारोह के सिलसिले में वहां तैयारियां शुरू हो गई हैं।दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा के करीबी उद्योगपति गुप्ता बंधुओं को अपने पुत्रों के विवाह के ऐसे स्थल की तलाश थी, जो नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण हो। उनकी यह तलाश उत्तराखंड के औली में जाकर पूरी हुई। उद्योगपति अजय गुप्ता के पुत्र सूर्यकांत का विवाह समारोह 18 से 20 जून तक चलेगा, जबकि अतुल गुप्ता के पुत्र शशांक की शादी के कार्यक्रम 20 से 22 जून तक होंगे। सूर्यकांत की दुल्हन दिल्ली और शशांक की दुल्हन दुबई की रहने वाली हैं।

loksabha election banner

गुप्ता बंधुओं के पारिवारिक मित्र और आयोजक कंपनी के मालिक सुमित अदलखा के अनुसार दोनों विवाह समारोहों के मद्देनजर औली में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के 800 लोग औली पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को औली में विवाह समारोहों के लिए भूमि पूजन किया गया। 16 व 17 जून को औली निवासियों के लिए भोज का आयोजन किया गया है।

अदलखा ने बताया कि विवाह समारोह में कई बॉलीवुड स्टार पहुंच रहे हैं। मेहमानों को दिल्ली से औली तक लाने-ले जाने के लिए 150 चॉपर की व्यवस्था की गई है। विवाह समारोह के लिए स्विट्जरलैंड से पांच करोड़ रुपये के फूल मंगाए गए हैं और पूरी घाटी में फूलों की विशेष सजावट की जाएगी। मेहमानों के रहने के लिए औली में फाइव स्टार सुविधायुक्त टैंट लगाए जा रहे हैं।

विवाह समारोह में आने वाले मेहमान औली के रोमांच से भी रूबरू होंगे। इस कड़ी में 18 से 22 जून तक औली में संचालित होने वाली ट्रॉली का पूरा खर्च गुप्ता बंधु उठाएंगे। अदलखा बताते हैं कि यदि कोई मेहमान बदरीनाथ व केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए जाना चाहे तो उनके लिए औली से चॉपर की व्यवस्था होगी।

मुख्यमंत्री से मिले थे गुप्ता बंधु

चर्चित उद्योगपति गुप्ता बंधुओं ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री रावत के अनुसार गुप्ता बंधुओं ने उन्हें बताया कि वे अपने पुत्रों की शादी इटली में करने जा रहे हैं। इस पर उनके द्वारा गुप्ता बंधुओं को बताया गया कि सरकार उत्तराखंड को वैडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित कर रही है। यहां कई पौराणिक, ऐतिहासिक व नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण स्थल हैं। इस क्रम में उन्होंने कई स्थलों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को वैडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने से राज्य को नई पहचान मिलेगी।

यह भी पढ़ें: यहां हर 15 दिन में रंग बदलती है घाटी, ये खूबसूरत नजारा नहीं मिलेगा कहीं और

यह भी पढ़ें: चकराता का प्राकृतिक सौंदर्य देख रह जाएंगे चकित, आसपास बिखरे हैं लुभावने मंजर

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.