देहरादून में फ्री होगी हृदय रोग की जांच, लेकिन आपके पास बस एक दिन
देहरादून में श्री सत्य साईं सेवा संगठन 1 नवंबर को एक विशाल नि:शुल्क हृदय रोग जांच शिविर आयोजित कर रहा है।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवार व दूरदराज क्षेत्रों के मरीज उठाएं सेवा का लाभ। प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। मानव सेवा, जन कल्याण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से देहरादून में विशाल निश्शुल्क हृदय रोग जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन होने जा रहा है। शिविर में गुजरात के राजकोट व अहमदाबाद के हृदय रोगों की अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों की जांच व परामर्श प्रदान करेगी।
शनिवार को प्रेस क्लब सभागार में श्री सत्य साईं सेवा संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व कर्नल योगेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन की ओर से एक नवंबर को रायपुर रोड स्थित साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल में शिविर आयोजित होगा। इसमें हृदय संबंधी बीमारियों से परेशान मरीज, हृदय रोग के लक्षण महसूस करने वाले लोग व इच्छुक नागरिक निश्शुल्क जांच व परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।
आधुनिक मशीनों के जरिये मरीजों की जांच
शिविर में आधुनिक मशीनों के जरिये मरीजों की जांच व स्क्रीनिंग होगी। 26 वर्षों से निस्वार्थ सेवा में जुटी प्रशांति मेडिकल सर्विस शिविर में विशेष सहयोग दे रही है। उन्होंने बताया कि राज्य के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार कई बार अस्पतालों में जांच और उपचार का महंगा खर्च झेलने में असमर्थ होते हैं। ऐसे में बीमारी के कारण परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
संगठन ने ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए निश्शुल्क शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस दौरान साईं ग्रेस एकेडमी इंटरनेशनल मैनेजिंग डायरेक्टर समरजीत सिंह, दीपक नौटियाल, अजय स्वरूप आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- हर महीने 5 हृदय रोगियों की मुफ्त एंजियोप्लास्टी, स्टेंट भी फ्री; Jeevan Rekha Trust का बड़ा एलान
यह भी पढ़ें- बाराबंकी में चार वर्ष से हृदय रोग विशेषज्ञ नहीं, प्रारंभिक चिकित्सा के अभाव में थम गई पवन के दिल की धड़कन
