यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में भूले शारीरिक दूरी का नियम
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवासन के स्वागत में शारीरिक दूरी के नियम की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं।

देहरादून, जेएनएन। बात-बात पर विरोधी पार्टियों को घेरने वाले नेता ही कोरोना संक्रमण को गंभीरता से नहीं ले रहे। रविवार को युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवासन के स्वागत में शारीरिक दूरी के नियम की सरेआम धज्जियां उड़ाई गईं।
शहर में जगह-जगह हुए स्वागत कार्यक्रम से लेकर कांग्रेस भवन के स्वागत मंच तक युकां कार्यकत्ताओं और कांग्रेस नेताओं की भीड़ दिखी। गंभीर बात यह है कि इस दौरान कांग्रेस के बड़े नेता भी कोरोना संक्रमण की गंभीरता को नजरअंदाज करते नजर आए।
दोपहर करीब ढाई बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवासन जैसे ही राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन पहुंचे, वहां मौजूद कार्यकत्ताओं में उन्हें माला पहनाने की होड़ मच गई। इसके बाद मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों को फूलों का बड़ा-सा हार पहनाकर स्वागत किया गया। हार पहनाने के लिए मंच पर इतने कार्यकर्त्ता एकत्र हो गए कि तिल रखने की जगह नहीं बची। कार्यकर्त्ता तो मास्क भी नहीं लगाए थे। सभा स्थल पर कोरोना संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन होता नजर नहीं आया।
संदीप चमोली (प्रदेश प्रवक्ता, युवा कांग्रेस) का कहना है कि कोरोना संक्रमण को लेकर युवा कांग्रेस सचेत है। युकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के दौरान शारीरिक दूरी के नियम का पालन करने और मास्क का प्रयोग करने के लिए कार्यकत्ताओं को पहले ही बता दिया गया था। भीड़ को देखते हुए स्वागत कार्यक्रम खुली जगह में कराया। भीड़ तो थी, लेकिन सभी ने मास्क पहने हुए थे। यह सवाल तो पहले भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष से पूछा जाना चाहिए।
