टिहरी में गंगा तट पर फैला कचरा उठाती दिखीं विदेशी महिलाएं, इंटरनेट मीडिया पर जमकर हो रही तारीफ
ऋषिकेश के शिवपुरी में गंगा तट पर विदेशी महिलाएं कचरा साफ करती दिखीं, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।

टिहरी के शिवपुरी गंगा तट पर पड़े कूड़े व प्लास्टिक को एकत्र करती विदेशी पर्यटक महिलाएं
HighLights
विदेशी महिलाओं ने ऋषिकेश गंगा तट पर कचरा साफ किया।
प्लास्टिक और अन्य कचरा हटाते हुए वीडियो वायरल हुआ।
उनकी पहल ने स्वच्छता का महत्वपूर्ण संदेश दिया है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। टिहरी जिले के शिवपुरी क्षेत्र में गंगा किनारे फैली गंदगी के बीच विदेशी महिलाओं की एक सराहनीय पहल सामने आई है। दूसरे देशों से ऋषिकेश घूमने पहुंचीं ये विदेशी महिलाएं गंगा तट पर फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को अपने हाथों से समेटकर सफाई करती नजर आ रही हैं। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
वीडियो में महिलाएं हाथों में दस्ताने और काले कचरा बैग लेकर नदी किनारे चट्टानों और रेत के बीच फैली प्लास्टिक की पन्नियां और अन्य कचरा एकत्र करती दिखाई दे रही हैं।
विदेशी पर्यटकों की इस पहल की इंटरनेट मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। वहीं, वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने सवाल उठाया कि आखिर दूसरे देशों से ऋषिकेश घूमने आए पर्यटकों को यहां की प्राकृतिक धरोहर और गंगा तट की सफाई क्यों करनी पड़ रही है।
यूजर्स का कहना है कि गंगा को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम या नगर पालिका और सफाई कर्मचारियों की नहीं, बल्कि प्रत्येक श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय नागरिक की भी है। विदेशी महिलाओं की यह पहल स्वच्छता का संदेश देने के साथ ही सभी को आत्ममंथन करने के लिए प्रेरित कर रही है।