उत्तराखंड में पहाड़ों में ठिठुरन, मैदानों में कोहरे की मार
अगले 24 घंटों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा और ओस व कोहरे के कारण ठिठुरन बढ़ेगी। जबकि, अगले 24 से 36 घटों में प्रदेश में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा।
देहरादून, [जेएनएन]: उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड और मैदानी क्षेत्रों में कोहरे का क्रम अभी जारी रहेगा। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार अगले 24 घंटों में उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा और ओस व कोहरे के कारण ठिठुरन बढ़ेगी। जबकि, अगले 24 से 36 घटों में प्रदेश में आसमान मुख्यत: साफ रहने से लेकर कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमनोत्री सहित ऊंची पहाड़ियों में सर्दी में इजाफा होगा। जबकि मैदानी क्षेत्रों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों के कई हिस्सों में सुबह के समय पाला पड़ सकता है। शनिवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही।
चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी व पिथौरागढ़ सीमांत जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में लोगों ने दिन के समय अच्छी धूप खिलने से ठंड से राहत महसूस की। लेकिन, सुबह और शाम को सर्द हवाओं ने लोगों दुश्वारियां बढ़ाईं। चकराता की ऊंची चोटियों में पड़ी बर्फ पिघलने से निचले इलाकों में सर्द हवाओं के साथ हाड कंपाने वाली ठंड पड़ रही है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के पांच जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी
यह भी पढ़ें: बर्फ से ढके उत्तराखंड के पहाड़, भूस्खलन से यमुनोत्री हाइवे बंद
यह भी पढ़ें: चार धाम समेत हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी