विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 24, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ऐतिहासिक प्रदर्शन: उत्तराखंड में पहली बार, भाजपा 60 फीसद पार

By Sunil NegiEdited By:
Published: Fri, 24 May 2019 09:44 AM (IST)Updated: Fri, 24 May 2019 09:06 PM (IST)

उत्तराखंड में पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 55.30 फीसद मत मिले थे और इस बार यह आंकड़ा 61.0 फीसद तक जा पहुंचा।

ऐतिहासिक प्रदर्शन: उत्तराखंड में पहली बार, भाजपा 60 फीसद पार
ऐतिहासिक प्रदर्शन: उत्तराखंड में पहली बार, भाजपा 60 फीसद पार

देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड में यह पहला अवसर रहा, जब भाजपा 60 फीसद से ज्यादा मत बटोर ले गई। इससे पहले कभी भी किसी पार्टी ने उत्तराखंड में इस कदर रिकार्डतोड़ प्रदर्शन नहीं किया था। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा को 55.30 फीसद मत मिले थे और इस बार यह आंकड़ा 61.0 फीसद तक जा पहुंचा। यानी वर्ष 2014 के मुकाबले राज्य की पांचों सीटों पर भाजपा के मत प्रतिशत में 5.70 फीसद की बढ़ोतरी हुई। इस बार सर्वाधिक 68.25 फीसद मत पौड़ी गढ़वाल सीट पर तीरथ सिंह रावत को मिले।

सत्रहवीं लोकसभा के लिए उत्तराखंड की पांचों सीटों पर 61.50 फीसद मतदान हुआ। हालांकि यह वर्ष 2004 व 2009 के मतदान से ज्यादा रहा लेकिन 2014 के मुकाबले थोड़ा सा कम। तब 61.67 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछली बार के लगभग बराबर ही रहे वोटर टर्नआउट ने सियासी पार्टियों के साथ ही राजनैतिक विश्लेषकों को भी उलझन में डाल दिया था लेकिन अब नतीजे आने के बाद साफ हो गया कि मतदान प्रतिशत में बगैर बढ़ोतरी भी इस बार कितनी शिद्दत से मोदी के नाम का अंडर करंट चला। भाजपा ने सत्रहवीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में कुल 61.0 फीसद मत पाकर दूसरे स्थान पर 31.4 फीसद मत हासिल करने वाली कांग्रेस को 29.60 फीसद मतों के अंतर से पीछे छोड़ दिया। बसपा को राज्य की चार सीटों पर 4.48 फीसद मत प्राप्त हुए। पांचों सीटों पर 'नोटा' को कुल 1.05 फीसद मत पड़े।

अगर पांचों सीटों पर अलग-अलग मत प्रतिशत का आकलन करें तो साफ पता चलता है कि माहौल किस कदर भाजपा के पक्ष में रहा। नैनीताल संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी अजय भट्ट को 61.35 फीसद मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के हरीश रावत को 34.41 फीसद। अल्मोड़ा में भाजपा के अजय टम्टा को 64.03 फीसद और कांग्रेस के प्रदीप टम्टा 30.48 फीसद मत हासिल हुए। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के रमेश पनोखरियाल निशंक को 52.37 फीसद और कांग्रेस के अंबरीष कुमार को 32.02 फीसद मत प्राप्त हुए। यहां बसपा के डॉ. अंतरिक्ष सैनी को भी 13.65 फीसद मत हासिल हुए। टिहरी सीट पर भाजपा की माला राज्यलक्ष्मी शाह को 64.53 फीसद और कांग्रेस के प्रीतम सिंह को 30.22 फीसद मत मिले। पौड़ी में भाजपा के तीरथ सिंह रावत को राज्य में सर्वाधिक 68.25 फीसद मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मनीष खंडूड़ी को 27.51 फीसद मतों से संतोष करना पड़ा।

यह भी पढ़ें: Lok Sabh Election 2019: राष्ट्रवाद पर मुहर, उत्तराखंड बना मोदी का मुरीद

यह भी पढ़ें: Uttarakhand Lok Sabha Election 2019 Result: उत्तराखंड में भाजपा ने फिर फहराया परचम, दूसरी बार बड़े अंतर से किया क्‍लीन स्‍वीप

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप