देहरादून फायरिंग मामले में इनामी बदमाश ओमप्रकाश गिरफ्तार, तमंचा बरामद
देहरादून के रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
रिंग रोड फायरिंग के मुख्य आरोपी ओमप्रकाश को पुलिस ने दबोचा
15 हजार के इनामी बदमाश से तमंचा भी बरामद हुआ
देहरादून पुलिस ने घटना में शामिल चौथे आरोपी को पकड़ा
जागरण संवाददाता, देहरादून। रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर हुई फायरिंग की घटना में शामिल एक अन्य आरोपित को रायपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपित की पहचान ओमप्रकाश उर्फ ओमपाल उर्फ कपिल निवासी ग्राम मंडौरी, पोस्ट थाना नेहटौर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
ओमप्रकाश फायरिंग की घटना के बाद फरार चल रहा था और एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपित से तमंचा भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि चार जुलाई को रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर दो पक्षों के विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई थी।
इस मामले में दिवाकर खंडूडी निवासी बंजारावाला की तहरीर पर थाना रायपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन जुलाई की रात वह अपने दोस्त नवीन राणा व रोहन कुमार के साथ शराब के ठेके के बाहर खड़े थे।
इस दौरान तीन-चार अज्ञात लोग आए और दो राउंड फायर कर दिए। एक गोली उनके साथी नवीन राणा के कंधे, जबकि एक गोली पास से गुजर रहे एक अन्य व्यक्ति कमेंद्र शर्मा के पैर पर लगी।
पुलिस ने बीते चार जुलाई को घटना में शामिल तीन आरोपित अरुण कुमार उर्फ छोटू निवासी आदर्श कालोनी, रिंग रोड, रायपुर, मूल निवासी वहुपुरा महलकी, बिजनौर, सन्नी कुमार निवासी किद्दूवाला रायपुर मूल निवासी ग्राम रतूपुरा रायपुर, जनपद बिजनौर और आदर्श सिंह निवासी कीरतपुर, बिजनौर को थानो रोड से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों से पूछताछ के दौरान घटना में ओमप्रकाश का नाम भी सामने आया।
यह भी पढ़ें- देहरादून में MDDA की सीलिंग के दौरान बवाल: पुलिस के सामने ही आपस में भिड़े 2 पक्ष, महिला समेत 4 गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून में शातिर ठगी: फास्टैग रिचार्ज के बहाने डॉक्टर से 50 मिनट तक की बात, खाते से उड़ाए 3.72 लाख रुपये
