मेरठ से आई शराब की खेप, सीएसडी की शराब बताकर बेचने की थी तैयारी... नकली होलोग्राम वाली 10 पेटी पकड़ी
देहरादून में आबकारी विभाग ने सीएसडी कैंटीन की शराब बताकर बेची जाने वाली अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी।
HighLights
देहरादून में अवैध शराब की 10 पेटी जब्त की गई
शराब पर सीएसडी कैंटीन के नकली लेबल लगे थे
एक आरोपी निशांत शर्मा को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता, देहरादून। सीएसडी कैंटीन की शराब बताकर आम लोगों को बेचने के लिए लाई गई शराब की खेप आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पकड़ ली। गढ़ी श्यामपुर के पास हुंडई क्रेटा कार से 10 पेटी शराब बरामद की गई।
इनमें रॉयल स्टैग व्हिस्की की 100 बोतल और बडवाइजर बीयर की 24 बोतल शामिल हैं। शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल प्रथम दृष्टया नकली पाए गए हैं। आबकारी विभाग ने कार चालक को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आबकारी विभाग को मुखबिर से गढ़ी श्यामपुर के पास कार से अवैध शराब ले जाने की सूचना मिली थी। इस पर आबकारी निरीक्षक ऋषिकेश प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में ऋषिकेश की टीम और जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून ने संयुक्त कार्रवाई की।
टीम ने हुंडई क्रेटा कार संख्या DL 4CAZ 9073 को रोककर तलाशी ली तो उसमें शराब की खेप मिली। बरामद रॉयल स्टैग व्हिस्की की बोतलों पर फॉर सेल डिफेंस पर्सनल ओनली लिखा था। वहीं, बडवाइजर बीयर की बोतलों पर फॉर सेल इन चंडीगढ़ ओनली अंकित था।
डिफेंस के लेबल लगाकर ग्राहकों को गुमराह करने की तैयारी
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित निशांत शर्मा पुत्र राकेश शर्मा, निवासी मोदीपुरम, मेरठ (उत्तर प्रदेश) ने बताया कि शराब मेरठ से लाई गई थी। बोतलों पर डिफेंस के लेबल इसलिए लगाए जाते हैं, ताकि आम लोगों को शराब कैंटीन की लगे। आरोपित के अनुसार, शराब को शादी और पार्टी के सीजन में खपाने की तैयारी थी। हालांकि, शराब कहां से खरीदी गई और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
नकली होलोग्राम से जुड़े पहलुओं की जांच
आबकारी विभाग की प्रारंभिक जांच में शराब की बोतलों पर लगे होलोग्राम और लेबल प्रथम दृष्टया नकली पाए गए हैं। विभाग इनकी जांच के लिए आगे की कार्रवाई कर रहा है। जांच में यह स्पष्ट किया जाना है कि लेबल और होलोग्राम कहां तैयार किए गए तथा शराब की आपूर्ति और बिक्री में कौन-कौन शामिल है। सीएसडी के नाम पर शराब की बिक्री से जुड़े दावे की भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जानी है।
आबकारी विभाग ने आरोपित निशांत शर्मा को आबकारी अधिनियम की धारा 63/72 के तहत गिरफ्तार किया है। आबकारी क्षेत्र ऋषिकेश में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट, जनपदीय प्रवर्तन दल देहरादून के आबकारी निरीक्षक जयवीर सिंह, उप आबकारी निरीक्षक आशीष प्रकाश उनियाल और अर्जुन सिंह शामिल रहे। इनके अलावा आबकारी हेड कांस्टेबल राकेश नाथ, हेमंत सिंह तथा कांस्टेबल अंकित कुमार और आशीष चौहान ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।
