Move to Jagran APP

भाजपा नेता विजय बहुगुणा की डिनर डिप्लोमेसी से गरमाई सियासत

वरिष्ठ भाजपा नेता विजय बहुगुणा की ओर से डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों व विधायकों और नगर निगम के महापौर एवं पार्षदों ने शिरकत की।

By Edited By: Published: Sat, 19 Jan 2019 11:23 PM (IST)Updated: Sun, 20 Jan 2019 11:29 AM (IST)
भाजपा नेता विजय बहुगुणा की डिनर डिप्लोमेसी से गरमाई सियासत
भाजपा नेता विजय बहुगुणा की डिनर डिप्लोमेसी से गरमाई सियासत

देहरादून, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव से ऐन पहले डिनर डिप्लोमेसी का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय बहुगुणा की ओर से शनिवार को डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों व विधायकों और नगर निगम के महापौर एवं पार्षदों ने शिरकत की। उनके इस आयोजन से सियासत भी गरमा गई है। इस मौके पर बहुगुणा ने कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर अभी कुछ नहीं सोचा है। चुनाव कहां से लड़ा जाए इस बारे में वह मार्च में फैसला लेंगे।

loksabha election banner

पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा की ओर से शनिवार को यहां हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में डिनर के आयोजन से संबंधित निमंत्रण पत्र बंटने के बाद सियासी हल्कों में चर्चा शुरू हो गई थी। इसे बहुगुणा की लोकसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में देखा जाने लगा। बताया गया कि यह डिनर नगर निगम के महापौर व पार्षदों के लिए था। बाद में इसके सुर्खियां बनने पर मुख्यमंत्री, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों को भी इसमें आमंत्रित किया गया।

शनिवार को डिनर में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल व प्रकाश पंत, विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, विधायक हरबंस कपूर, सौरभ बहुगुणा, प्रदीप बत्र, कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, सहदेव सिंह पुंडरी, मुन्ना सिंह चौहान, विनोद चमोली, केदार सिंह रावत, दून के महापौर सुनील उनियाल गामा और भाजपा पार्षद शामिल हुए। इस दौरान पूर्व सीएम बहुगुणा ने कहा कि वह भाजपा पार्षदों को निजी तौर से नहीं जानते थे, इसीलिए इस डिनर का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि डिनर का आयोजन सामान्य बात है। इसके कोई निहितार्थ नहीं निकाले जाने चाहिएं। उधर, डिनर से पहले बहुगुणा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री रावत से मुलाकात की। इस दौरान आगामी बजट के संबंध में चर्चा की गई। बहुगुणा ने बताया कि केंद्र पोषित योजनाओं के बारे में भी इस दौरान मंथन किया गया।

महारानी नहीं पहुंची

डिनर में टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह नजर नहीं आईं। इसे लेकर चर्चा रही। हालांकि, बहुगुणा ने बताया कि महारानी को निमंत्रण भेजा गया था।

घर बड़ा कर रहा हूं, जल्द कुछ नए लोग आएंगे

पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय बहुगुणा की डिनर डिप्लोमेसी के चाहे जो निहितार्थ निकाले जाएं, मगर उन्होंने विपक्ष में टूट के संकेत जरूर दे दिए हैं। शनिवार को डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा-‘घर (भाजपा) को बड़ा कर रहा हूं, जल्द कुछ नए लोग आएंगे।’ उन्होंने कहा कि चुनाव के मौके पर माइग्रेशन होता है। ये एक तरह का ट्रेंड भी है। जो पार्टी मजबूत व बड़ी होती है, उसकी तरफ लोग रुख करते हैं। यह पूछने पर कौन-कौन नेता भाजपा में आ रहे हैं, इसे वह मुस्कुराकर टाल गए।

पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मार्च 2016 में कांग्रेस में हुई टूट के सूत्रधार रहे हैं। उनके ही नेतृत्व में तब नौ विधायकों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा था। हालांकि, बाद में इस फेहरिस्त में दो और विधायकों के नाम भी जुड़ गए थे। अलबत्ता, बहुगुणा ने विस चुनाव नहीं लड़ा था। ऐसे में माना गया कि वे रास या लोस चुनाव लड़ सकते हैं। गत वर्ष राज्य से रास की सीट के चुनाव में उन्हें मौका नहीं मिला। यही नहीं, दो साल के दौरान वह सियासत में अधिक सक्रिय भी नहीं दिखे।

लोस चुनाव से ऐन पहले उनकी ओर से नगर निगम के महापौर और पार्षदों के लिए डिनर के आयोजन से सियासी गलियारों में हलचल भी मची है। शनिवार को इस आयोजन से पहले पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने संकेत दिए कि कुछ नेता भाजपा में आ सकते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने मीडिया में आई उन खबरों को भी बचकाना करार दिया, जिसमें उनकी घर वापसी का संभावना जताई गई थी।

लोकसभा चुनाव लड़ने के संबंध में पूछे प्रश्न पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में विकल्प हमेशा खुले रहते हैं। मैं यह भी नहीं कहूंगा लड़ रहा हूं और ये भी नहीं कि लड़ंगा। चुनाव किसे और कहां से लड़ाना है, ये तो पार्टी आलाकमान तय करता है। उन्होंने यह भी दावा कि उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराएगा। यहां की पांचों सीटें भाजपा ही जीतेगी।

यह भी पढ़ें: सरोज पांडेय बोलीं, थोड़ा-थोड़ा समझदारी दिखाने लगे हैं राहुल

यह भी पढ़ें: त्रिशक्ति सम्मेलन में भाग लेंगे अमित शाह, भाजपा ने की तैयारी

यह भी पढ़ें: भाजपा ने की शाह की बीमारी पर कांग्रेस नेता के बयान की निंदा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.