उत्तराखंड में इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों को निगरानी और बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने अफ्रीकी देशों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर देहरादून में सतर्कता बढ़ा दी है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
इबोला संक्रमण के मद्देनजर उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया।
देहरादून के अस्पतालों को निगरानी, बचाव के इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश।
प्रभावित देशों से लौटे यात्रियों की 21 दिन तक होगी स्वास्थ्य निगरानी।
जागरण संवाददाता, देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। इसी क्रम में देहरादून जिले में भी संक्रमण की आशंका को रोकने के लिए सभी अस्पतालों को निगरानी और बचाव के इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की पहचान कर 21 दिन तक उनकी दैनिक स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी। वहीं, संदिग्ध मरीजों के उपचार के लिए अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड और रेफरल व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने इस संबंध में निदेशक एम्स ऋषिकेश, जिला अस्पतालों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक सरकारी व निजी मेडिकल कॉलेजों और निजी अस्पतालों को पत्र जारी किया है। इसमें शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
निर्देशों के अनुसार, प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की सूची एयरपोर्ट हेल्थ इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम (आईएचआईपी) पोर्टल पर उपलब्ध होगी। जिला सर्विलांस इकाई यात्रियों से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य की रोजाना निगरानी करेगी। बुखार अथवा अन्य संदिग्ध लक्षण मिलने पर तत्काल सूचना लेकर आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था की जाएगी।
सीएमओ ने कहा कि प्रभावित देशों से लौटे यात्री 21 दिन तक अपने स्वास्थ्य पर नजर रखें। बुखार या अन्य लक्षण होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। बीमार व्यक्ति के रक्त व शारीरिक द्रवों के सीधे संपर्क से बचें और नियमित रूप से साबुन-पानी से हाथ साफ करें।
संदिग्ध मरीजों की पहचान को मानक तय
स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों की पहचान के लिए भी मानक तय किए हैं। बुखार के साथ रक्तस्राव, आंखों का लाल होना, शरीर पर लाल चकत्ते, दस्त अथवा खून की उल्टी जैसे लक्षणों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। पिछले 21 दिनों में प्रभावित क्षेत्र की यात्रा या किसी संदिग्ध मरीज के संपर्क में आने का इतिहास भी जांचा जाएगा।
संदिग्ध मरीजों के लिए सिंगल रूम आइसोलेश
सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकाल का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध मरीजों के लिए सिंगल रूम आइसोलेशन, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, पीपीई किट, एन-95 मास्क, ग्लव्स और अन्य सुरक्षा संसाधन उपलब्ध रखने होंगे। मरीजों को रेफर करने के लिए एम्स ऋषिकेश को नामित किया गया है। इसके साथ ही जिला स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दल (आरआरटी) सक्रिय रखने, संपर्क में आए लोगों की पहचान करने और उनकी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।