उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी BJP, 70 सीटों पर जीत का रोडमैप तैयार करेंगे राजनाथ सिंह
भाजपा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है, जिसमें हरिद्वार में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति बैठक अहम है। ...और पढ़ें

फोटो: राजनाथ सिंह। जागरण
HighLights
हरिद्वार में भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति बैठक।
संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज।
राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन, 70 सीटों पर जीत लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने अब संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद तेज कर दी है। हरिद्वार में होने जा रही विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति में इसकी औपचारिक शुरुआत होगी। कार्यसमिति के एजेंडे में केवल सरकार के पांच साल के कामकाज का लेखा-जोखा जनता तक पहुंचाना ही नहीं, बल्कि संगठन की चुनावी जिम्मेदारियां तय करना, बूथ सशक्तीकरण और सभी 70 विधानसभा सीटों पर जीत के लिए प्रयास करना भी शामिल है।
सोमवार को प्रदेश मुख्यालय में हुई तैयारी बैठक में प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने स्पष्ट किया कि चुनाव मैदान में भले ही 70 प्रत्याशी होंगे, लेकिन चुनाव पूरी पार्टी को लड़ना है। पार्टी चाहती है कि प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर मोर्चों, प्रकोष्ठों, विधायकों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक चुनावी अभियान की जिम्मेदारी पहुंचे। इस कार्यसमिति के जरिये भाजपा सरकार के कामकाज को भी चुनावी विमर्श के केंद्र में लाने की तैयारी में है।
मेनन ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि प्रदेश और देश को विकसित बनाने के लिए भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार बननी चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने संगठन को किसी भी चुनौती को हल्के में नहीं लेने की नसीहत दी। कहा, कार्यसमिति में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का मार्गदर्शन पार्टी के लिए महत्वपूर्ण होगा। इससे प्रदेश के चुनावी एजेंडे को राष्ट्रीय नेतृत्व के संदेश और संगठनात्मक रणनीति से जोड़ने की कोशिश होगी।
संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने शक्ति केंद्र स्तर पर बूथ सशक्तीकरण अभियान को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। दो दिवसीय कार्यसमिति के पहले दिन संयुक्त मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक तथा दूसरे दिन विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति के जरिये संगठन के अलग-अलग स्तरों को एक साझा चुनावी एजेंडे से जोड़ने की तैयारी है। हरिद्वार की कार्यसमिति भाजपा के लिए सरकार के रिपोर्ट कार्ड, संगठन की सक्रियता, चुनावी जिम्मेदारियों और विपक्ष की रणनीति के आकलन का मंच बनने जा रही है।