दून अस्पताल की लापरवाही, जीवित व्यक्ति को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाया, जवाब तलब
सरकारी पोर्टल पर जीवित सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता को मृत दर्ज करने के गंभीर मामले में स्वास्थ्य विभाग ने दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल से जवाब मांगा है।

फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। सरकारी पोर्टल पर जीवित रिटायर्ड अधिकारी को मृत दर्ज करने की गंभीर चूक के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने दून मेडिकल कालेज अस्पताल से जवाब तलब किया है। मामला सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता उमेश कुमार सक्सेना का है।
अस्पताल स्तर पर हुई गलती के कारण उनका आयुष्मान गोल्डन कार्ड निष्क्रिय हो गया था। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय ने दून मेडिकल कालेज के प्राचार्य एवं चिकित्सा अधीक्षक को पत्र भेजकर मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी पत्र में संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने और तीन दिन के भीतर जांच आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है। पत्र में इस मामले को लेकर पहले प्रकाशित समाचार और राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण (एसएचए) से प्राप्त स्पष्टीकरण का भी उल्लेख किया गया है।
दरअसल, उमेश कुमार सक्सेना ने छह नवंबर को दून अस्पताल में उपचार कराया था। आरोप है कि अस्पताल की ओर से गलती से उन्हें सरकारी पोर्टल पर मृत दर्ज कर दिया गया। इससे उनका गोल्डन कार्ड निष्क्रिय हो गया और उन्हें उपचार की सुविधा लेने में परेशानी उठानी पड़ी।
बाद में उन्हें निजी अस्पताल में अपने खर्च पर उपचार कराना पड़ा। दैनिक जागरण के 14 नवंबर के अंक में इस मामले को 'साहब जिंदा हैं पर सरकारी रिकार्ड में हो गई मौत' शीर्षक से प्रकाशित समाचार के माध्यम से प्रमुखता से उठाया गया था।
इसके बाद अधिवक्ता बीएम गौड़ ने 19 नवंबर को संबंधित अधिकारियों से भी इसकी शिकायत की थी। इसके बाद एसएचए ने स्पष्ट किया कि गलती उसकी ओर से नहीं हुई थी। कार्डधारक को मृत दर्ज किए जाने की जानकारी मिलते ही प्राधिकरण ने कार्ड रिवोक कर दिया था।
प्राधिकरण ने पोर्टल पर आवश्यक अनुरोध प्रस्तुत नहीं किए जाने को समाधान में देरी का कारण बताया। अब इस मामले में दून अस्पताल को जांच व कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- देहरादून से नेपाल, आगरा और कटरा के लिए नई वोल्वो बस सेवा शुरू करने की तैयारी पूरी, किराए में भी दी जा रही छूट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।