देहरादून: चकराता में दिल्ली के पर्यटकों की बाइक चट्टान से टकराई, दो लोग हुए घायल
दिल्ली के दो पर्यटक चकराता से लौटते समय कालसी-चकराता स्टेट हाईवे पर कोरूवा के पास बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक चट्टान से टकरा गई।

कालसी चकराता स्टेट हाईवे पर कोरूवा के समीप बाइक दुर्घटना में घायल का उपचार करते सीएचसी साहिया के चिकित्सक। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, चकराता (देहरादून)। पर्यटन स्थल चकराता घूमने आए दिल्ली के पर्यटकों की बाइक कालसी-चकराता स्टेट हाईवे पर कोरूवा के समीप चट्टान से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस हादसे में बाइक सवार दो पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
अजहरुद्दीन पुत्र रफीकउदीन निवासी लक्ष्मीनगर दिल्ली और ताईन हारून पुत्र मोहम्मद हारून निवासी वजीराबाद, दिल्ली बाइक पर सवार होकर दोस्तों के साथ चकराता घूमने गए थे।
अन्य दोस्त दूसरे वाहनों पर सवार थे। चकराता घूमने के बाद वे रविवार शाम वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोरूवा के पास पहुंची, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चट्टान से जा टकराई।
इससे अजहरुद्दीन और ताईन हारून गंभीर रूप से घायल हो गए। एक का पैर फ्रैक्चर हुआ तो दूसरे के सिर में चोट लगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया के डा. संदीप कुमार ने बताया कि दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था।
साहिया पुलिस चौकी के सिपाही राजेश रावत ने बताया कि घायल अजहरुद्दीन व ताईन हारून अपने दोस्तों के साथ चकराता घूमने आए थे। रविवार शाम चकराता से साहिया की ओर आते समय कोरूवा के समीप हादसा हुआ।
यह भी पढ़ें- छतीसगढ़ में रोपवे का केबल टूटने से हादसा, एक की मौत, 16 घायल
यह भी पढ़ें- किशनगंज में सड़क हादसा, ट्रैक्टर से टकराई बाइक; 2 युवकों की मौत
