विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छतीसगढ़ में रोपवे का केबल टूटने से हादसा, एक की मौत, 16 घायल

Published: Sun, 22 Mar 2026 06:20 PM (IST)Updated: Sun, 22 Mar 2026 10:36 PM (IST)

छतीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे रोपवे का केबल टूटने से हादसा हो गया। इसमें ...और पढ़ें

दर्शन के दौरान दर्दनाक हादसा खल्लारी रोपवे में खराबी (फाइल फोटो)

दर्शन के दौरान दर्दनाक हादसा खल्लारी रोपवे में खराबी (फाइल फोटो)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली छतीसगढ़ के महासमुंद जिले में रविवार सुबह लगभग साढ़े 10 बजे रोपवे का केबल टूटने से हादसा हो गया। इसमें एक की मृत्यु हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।

मृतक की पहचान रायपुर की 28 वर्षीय शिक्षिका आयुषी साठकर के रूप में हुई है, जबकि उनके पति ऋषभ गंभीर रूप से घायल हैं। खल्लारी माता मंदिर क्षेत्र में यह रोपवे दो वर्ष पूर्व स्थापित किया गया था और इसके रखरखाव की जिम्मेदारी कोलकाता स्थित कंपनी रोपवे एंड रिसा‌र्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई थी। चार दिन पहले ही इसका मेंटेनेंस किया गया था।

पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि घटना की जांच के बाद एफआइआर दर्ज की जाएगी। श्रद्धालु सुबह खल्लारी माता के दर्शन के लिए आए थे। पूजा-अर्चना के बाद वे रोपवे से पहाड़ी स्थित मंदिर पहुंचे। दर्शन के बाद जब वे नीचे लौटने के लिए ट्राली में सवार हुए तभी रोपवे का तार टूट गया। एक ट्राली 100 फीट की ऊंचाई से गिरकर तेज गति से नीचे लुढ़क गई और बड़े पत्थरों से टकरा गई।

कंपनी पर पहले भी लगे हैं आरोप

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में रोपवे के रखरखाव का जिम्मा भी पहले रोपवे एंड रिसा‌र्ट्स कंपनी के पास था। उस दौरान हुए दो हादसों में दो लोगों की मौत हुई थी। मेंटेनेंस कंपनी के इंचार्ज ने बताया कि रोपवे का रखरखाव 16-18 मार्च तक हुआ था। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

मन्नत पूरी करने पहुंचे थे पति-पत्नी

आयुषी और ऋषभ का रिश्ता खल्लारी माता मंदिर में तय हुआ था और 25 नवंबर 2025 को विवाह हुआ। मन्नत पूरी करने वे परिवार संग दर्शन को निकले, लेकिन जिस जगह से उनके जीवन की शुरुआत हुई, वहीं भयानक दुर्घटना हो गई।

घायलों की सूची

इस हादसे में कुल 16 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। टिकरापारा, रायपुर निवासी रतनलाल नागेश्वर (65), हेमिन नागेश्वर (62), हेमलाल नागेश्वर (38), कुंती नागेश्वर (35), पूर्वी नागेश्वर (7), टिया (3), अमलेश (30), दलदलसिवनी, रायपुर निवासी कुमेश साहू (42), तोमेश्वरी साहू (38), हर्ष साहू (9), राजा तालाब, रायपुर निवासी ऋषभ धावरे (29), छायांश धावरे (16) और महासमुंद निवासी मानसी गड़रिया (13), नमिता स्वामी (48), अंकुष्मिता स्वामी (10), गोविंद स्वामी (47) घायलों में शामिल हैं।

HIV-पॉजिटिव महिला के आत्महत्या का मामला, कोर्ट ने 12 साल बाद आरोपी को किया बरी