योग और सैर से डायबिटीज इंसुलिन छोड़ी, डेली रूटीन और स्ट्रांग विल पावर से जिंदगी बदली
देहरादून के घनानंद पंत और रविंद्र नेगी ने नियमित योग और सैर को अपनी दिनचर्या में शामिल कर मधुमेह को ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। मधुमेह का पता चलने के बाद आमतौर पर मरीज दवाइयों और इंसुलिन पर निर्भर हो जाते हैं, लेकिन जीवनशैली में बदलाव भी इस बीमारी को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
नियमित योग, व्यायाम और सुबह-शाम की सैर से दून के दो लोगों ने अपने शुगर स्तर में सुधार किया है। एफआरआइ निवासी 54 वर्षीय घनानंद पंत और चंद्रबनी चोईला निवासी 61 वर्षीय रविंद्र नेगी ने अपनी दिनचर्या बदली तो इंसुलिन की जरूरत भी खत्म हो गई। 14 नवंबर को मनाया जाने वाले विश्व मधुमेह दिवस पर जानते हैं उनकी कहानी।
230 से 130 तक पहुंचा भोजन के बाद का शुगर स्तर
एफआरआइ में कार्यरत 54 वर्षीय घनानंद पंत को वर्ष 2021 में मधुमेह का पता चला था। उस समय उनका खाली पेट शुगर स्तर 165 और भोजन के बाद 230 तक पहुंच जाता था। उन्होंने नियमित योग और सैर को दिनचर्या में शामिल किया। निर्वाणा योगशाला की आनलाइन कक्षाओं के माध्यम से प्रतिदिन सुबह एक घंटे योग करने लगे। इसके अलावा सुबह पांच बजे टहलने जाते और शाम को भी एक घंटे सैर करते।
कुछ महीनों में ही इसका असर दिखने लगा। वर्तमान में उनका खाली पेट शुगर 110 और भोजन के बाद 130 के आसपास रहता है। पहले सुबह-शाम इंसुलिन लेनी पड़ती थी, लेकिन अब इसकी जरूरत नहीं पड़ती। उनका कहना है कि वह नियमित योग और सैर के जरिये शुगर को नियंत्रित बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।
तीन दशक से मधुमेह, एक साल से इंसुलिन नहीं
चंद्रबनी चोईला निवासी 61 वर्षीय रविंद्र नेगी वर्ष 1994 से मधुमेह से जूझ रहे हैं। एक समय ऐसा था जब उन्हें सुबह और शाम 10-10 यूनिट इंसुलिन लेनी पड़ती थी। इसके साथ कई तरह की दवाइयां भी खानी पड़ती थीं। वर्ष 2024 में उन्होंने नियमित टहलना और व्यायाम शुरू किया।
एक घंटे योग की कक्षाएं लेकर विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। अब वह प्रतिदिन सुबह पांच से छह बजे तक टहलते हैं और शाम को भी एक घंटा सैर करते हैं। उनका कहना है कि नियमित दिनचर्या अपनाने से काफी सुधार हुआ है। एक वर्ष से अधिक समय से इंसुलिन नहीं ले रहे हैं। दवाइयों की जरूरत भी पहले की तुलना में कम हो गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।