विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फायरिंग की घटना के 48 घंटे बाद देहरादून में फिर बवाल, चले लाठी-डंडे... लहराई पिस्टल

Published: Sun, 23 Aug 2026 11:04 AM (IST)

देहरादून के प्रेमनगर में बस चालक और कार सवारों के बीच सड़क पर गाड़ी हटाने को लेकर विवाद हो गया, जिसमें लाठी-डंडे चले और लाइसेंसी पिस्टल लहराई गई।

HighLights

  1. प्रेमनगर में बस चालक और कार सवारों में विवाद

  2. गाड़ी हटाने को लेकर हुई मारपीट, लहराई पिस्टल

  3. पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, पिस्टल बरामद

जागरण संवाददाता, देहरादून। पटेलनगर में फायरिंग की घटना के 48 घंटे बाद ही प्रेमनगर में भी लाइसेंसी पिस्टल लहराई गई। सड़क पर खड़ी कार को हटाने को लेकर बस चालक और कार चालकों के बीच विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ा की लाठी-डंडे चले। इसमें दो युवक घायल हो गए। कार चालकों की ओर से लाइसेंसी पिस्टल लहराते हुए बस चालक को धमकाया गया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

लाइट को हाई बीम करके खड़ा था चालक

शुक्रवार की देर रात प्रेमनगर क्षेत्र में नेक्स्ट हास्टल के पास दो पक्षों में विवाद हो गया। झाझरा निवासी गौरव निजी संस्थान की बस लेकर रात के समय मांडूवाला स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान नेक्स्ट हास्टल के पास फार्च्यूनर कार चालक बीच सड़क पर गाड़ी की लाइट को हाई बीम करके खड़ा था।

बस चालक ने कार हटाने को कहा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान बस चालक ने डंडा निकालकर कार चालक पर वार कर दिया। कार चालक ने हमला होता देख अपने दूसरे साथी को भी मौके पर बुला लिया। इस दौरान कार चालकों ने लाइसेंसी पिस्टल लहराकर धमकाते हुए गाली-गलौच व मारपीट की। दोनों कार चालकों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में हुई है।

विवाद के बाद दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित नीरज निवासी भाऊवाला, मनीष निवासी मांडूवाला और गौरव निवासी प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है। जांच में पता चला है कि पिस्टल नीरज राजपूत के नाम पर है। पुलिस आरोपितों से बरामद हुई पिस्टल के लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने पांच जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त डंडा और कार बरामद की है।

मचा हड़कंप, पिस्टल देख सहमे लोग

प्रेमनगर में जिस समय दो पक्षों के बीच ये विवाद हुआ तो आसपास भीड़ जमा हो गई। लाठी डंडे चलते देख आसपास हड़कंप मच गया। इसी दौरान आरोपित ने पिस्टल निकाली तो लोग सहम उठे।

यह भी पढ़ें- देहरादून में मृतका के नाम पर सोने की धोखाधड़ी, कोर्ट ने दिए दोबारा जांच के आदेश

यह भी पढ़ें- देहरादून फायरिंग की घटना के बाद पुलिस कर रही थी चेकिंग, एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कोतवाली में हंगामा