विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून फायरिंग की घटना के बाद पुलिस कर रही थी चेकिंग, एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कोतवाली में हंगामा

Published: Sat, 22 Aug 2026 11:58 AM (GMT+05:30)

देहरादून के पटेलनगर में चेकिंग के दौरान पुलिस कार्रवाई से नाराज एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कोतवाली में हंगामा किया। एसएसपी ने ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून पटेलनगर क्षेत्र में गुरुवार को हुई फायरिंग की घटना के बाद शुक्रवार रात पुलिस की ओर से चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान कार्रवाई को लेकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के व्यवहार से नाराज एबीवीपी कार्यकर्ता पटेलनगर कोतवाली पहुंच गए और वहां हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभाला। वहीं, एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एसपी सिटी को सौंप दी है।

गुरुवार को पटेलनगर क्षेत्र में फायरिंग की घटना हुई थी। इसके बाद एसएसपी ने शुक्रवार को सभी थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारियों की बैठक ली, और चेकिंग के निर्देश जारी किए। शुक्रवार रात को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग शुरू की थी।

पुलिस टीमों की ओर से संदिग्ध वाहनों और युवकों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को लेकर कुछ एबीवीपी कार्यकर्ताओं में नाराजगी पैदा हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कार्यकर्ता पटेलनगर कोतवाली पहुंच गए।

पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए किया हंगामा

कोतवाली में कार्यकर्ताओं ने पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। उनका आरोप था कि चेकिंग के दौरान पुलिस ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और कार्रवाई की। वहीं पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा कारणों से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और इसी क्रम में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने एसपी सिटी को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में पुलिसकर्मियों की कार्रवाई, चेकिंग के दौरान हुई घटनाक्रम और एबीवीपी कार्यकर्ताओं की शिकायतों के सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, मामले में संबंधित पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर किए जाने की भी सूचना सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने का इंतजार है। एसएसपी डोबाल ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसपी सिटी को निर्देशित किया गया है। मामले में किसी पुलिसकर्मी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।