विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून ब्लाइंड मर्डर: दूसरी संग रहने को पति ने की पहली पत्नी की हत्या, चार दिन तक छिपाया शव

Published: Fri, 20 Mar 2026 08:40 AM (IST)

देहरादून के प्रेमनगर में महिला के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने मृतका के पति रंजीत शर्मा को गिरफ्तार किया है।

प्रेमनगर स्थित बाला सुंदरी मंदिर के निकट मिले महिला के शव के बारे में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जानकारी देते एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल। जागरण

प्रेमनगर स्थित बाला सुंदरी मंदिर के निकट मिले महिला के शव के बारे में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जानकारी देते एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। प्रेमनगर के मांडूवाला क्षेत्र में प्लास्टिक के कट्टे में मिले महिला के क्षत-विक्षत शव की गुत्थी आखिर आठ दिन बाद खुल गई। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर में मृतका के पति को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि पहली पत्नी के वर्षों बाद लौटने, दूसरी पत्नी को छोड़ने के दबाव और लगातार झगड़े के बीच आरोपित ने पहली पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को चार दिन तक निर्माणाधीन मकान के कमरे में छिपाकर रखा और मौका मिलते ही बाइक से जंगल में फेंक आया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि 11 मार्च को प्रेमनगर के मांडूवाला रोड स्थित बालासुंदरी मंदिर के निकट जंगल में प्लास्टिक कट्टे के भीतर अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला था। पहचान न होने से मामला पूरी तरह ब्लाइंड था। इसलिए पुलिस खुद वादी बनी और चौकी प्रभारी झाझरा की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की जांच के लिए प्रेमनगर थानाध्यक्ष कुंदन राम की निगरानी में आठ टीमें गठित की गईं। पुलिस ने 2500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन घटनास्थल के आसपास कैमरे न होने और घने जंगल के कारण शुरुआती सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास 30 से अधिक मलिन बस्तियों, झुग्गियों, मजदूर ठिकानों, निर्माण स्थलों और नदी-नालों के किनारे रहने वालों का सत्यापन शुरू किया। करीब 5000 बाहरी और स्थानीय व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान 19 मार्च को पुलिस कासवाली कोठी पहुंची, जहां एक निर्माणाधीन मकान से अहम सुराग मिला। जानकारी मिली कि बिहार का एक मजदूर अपनी पत्नी और छोटे बच्चे के साथ वहीं रह रहा था, लेकिन होली के आसपास से उसके साथ रहने वाली एक महिला अचानक गायब हो गई। उसी दौरान बच्चा किसी दूसरी महिला के साथ दिखाई देने लगा। ठेकेदार शिवजी से पूछताछ में सामने आया कि मजदूर रंजीत शर्मा, निवासी सहरसा (बिहार), की दो पत्नियां हैं।

पहली पत्नी रूपा फरवरी में अपनी बच्ची के साथ उसके पास आई थी व निर्माणाधीन साइट पर ही रह रही थी। ठेकेदार ने बताया कि आठ मार्च को रंजीत बाइक और 1500 रुपये लेकर पहली पत्नी को बिहार भेजने की बात कहकर निकला था। अगले दिन लौटकर उसने बताया कि पत्नी को भेज दिया है और दूसरी पत्नी आ गई है। इस सूचना पर पुलिस भाटोवाला पहुंची, जहां रंजीत पुलिस को देखकर भागने लगा। जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने हत्या कबूल कर ली।

2009 में हुई थी दोनों की शादी

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2009 में रूपा से हुई थी। शादी के चार साल बाद रूपा किसी दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई और उससे शादी कर ली। इसके बाद उसने गांव की तलाकशुदा महिला सुशीला से दूसरी शादी कर ली। पिछले 12 वर्षों से वह देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर मजदूरी कर रहा था। एक वर्ष पहले रूपा अपने दूसरे पति को छोड़कर गांव लौट आई और फिर बातचीत शुरू हुई।

बच्ची के साथ लौटी और बनाया दबाव

पुलिस के अनुसार 23 फरवरी को रूपा अपनी 11 माह की बच्ची के साथ देहरादून पहुंची और रंजीत के साथ रहने लगी। आरोप है कि वह लगातार दूसरी पत्नी को छोड़ने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा।

पांच मार्च की रात रंजीत अपनी दूसरी पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान रूपा ने मोबाइल छीन लिया। विवाद बढ़ा तो रंजीत ने गुस्से में उसका गला दबा दिया। हत्या के बाद बच्ची साथ होने और मौके के अभाव में उसने शव को निर्माणाधीन मकान के अलग कमरे में रजाई से ढक चार दिन तक छिपाए रखा।

दूसरी पत्नी लौटी तो ठिकाने लगाया शव

आठ मार्च को दूसरी पत्नी सुशीला के देहरादून पहुंचने पर उसने बच्ची उसके पास छोड़ी, ठेकेदार की बाइक ली और शव को प्लास्टिक कट्टे में भरकर रजाई से ढक दिया। फिर बाइक से बालासुंदरी मंदिर के पास जंगल में शव फेंक आया। ब्लाइंड मर्डर के पर्दाफाश पर आइजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने पांच हजार और एसएसपी ने ढाई हजार रुपये नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

मंदिर के पास शव मिलने से बनी थी रहस्य की स्थिति

11 मार्च को बालासुंदरी मंदिर के निकट जंगल में प्लास्टिक कट्टे से क्षत-विक्षत शव मिलने के बाद कई दिन तक महिला की पहचान नहीं हो सकी। आसपास सीसीटीवी न होने से पुलिस को शुरुआती जांच में कोई सीधा सुराग नहीं मिला। कासवाली कोठी की निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे मजदूर के परिवार में अचानक महिला के गायब होने और दूसरी महिला के दिखने से पुलिस को शक हुआ, जिसने जांच की दिशा बदल दी।

यह भी पढ़ें- देहरादून के प्रेमनगर ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पति ने की थी पत्नी की हत्या

यह भी पढ़ें- प्रेमनगर जंगल में कट्टे में मिली महिला का शव, पहचान बनी चुनौती

यह भी पढ़ें- देहरादून में प्रेमनगर के जंगल में कट्टे के अंदर मिला महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।