यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 15, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहरादून: यूथ हेस्को ने की टौंस नदी की सफाई, जगह-जगह बिखरी पड़ी थी पूजन सामग्री, आम जनता से की ये अपील
टौंस नदी में जगह-जगह पूजन सामग्री बिखरी पड़ी थी। इससे नदी के पारिस्थितिकी तंत्र पर बुरा असर पड़ रहा था। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। छठ पूजा के चलते टौंस नदी में जगह-जगह पूजन सामग्री बिखरी पड़ी थी। इससे नदी के पारिस्थितिकी तंत्र पर बुरा असर पड़ रहा था। समस्या को देखते हुए हेस्को के संस्थापक डा. अनिल जोशी के निर्देश पर बाल दिवस के मौके पर यूथ हेस्को की टीम ने नदी में सफाई अभियान चलाया।
रविवार को हेस्को के सदस्य अमोघ नारायण मीणा के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया गया। युवाओं ने देखा कि नदी में जगह-जगह प्लास्टिक, मूर्तियां, मालाएं, पोस्टर, कपड़े आदि फेंके गए हैं। इससे नदी की मूल धारा भी बाधित होने लगी थी। युवाओं ने नंदा की चौकी से सेलाकुई तक के करीब एक किलोमीटर भाग में बिखरी पड़ी सामग्री को एकत्रित किया और उसके निस्तारण के लिए उसे निकट के कूड़ेदान में डाला गया।

हेस्को के सदस्य अमोघ ने जनता से अपील की कि वह नदियों में कूड़ा या किसी भी अन्य तरह की सामग्री न फेंके। साथ ही नगर निगम व दून कैंट बोर्ड से मांग की कि नदी किनारे कूड़े फेंकने की प्रवृत्ति रोकने के लिए ठोस अभियान चलाया जाए। इस दिशा में नदी किनारे जनता को जागरूक करने वाले होर्डिंग्स लगाने का सुझाव भी दिया गया। अभियान में सामाजिक कार्यकर्त्ता सन्नी कुमार, विधि छात्र, नीरज, रोहित, शिवम, अंजनी, अंकित सिंह समेत 30 से अधिक युवा शामिल रहे।
बाल विनिता आश्रम के बच्चों को बांटे फल
पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस पर रविवार को तिलक रोड स्थित बाल विनिता आश्रम में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बच्चों को चाकलेट, फल, कापी, पेंसिल व कंबल भेंट किए। उन्होंने सभी बच्चों को अपने हाथ से केक खिलाया। धस्माना ने बच्चों के साथ चाचा नेहरू अमर रहे व बाल दिवस जिंदाबाद के नारे लगाए। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव पिया थापा, जया गोलानी, दीपिका, बाल विनीता आश्रम के सुधीर कुमार आदि मौजूद रहे।
भैलो खेल मनाया इगास
पूर्व मुख्यमंत्री व प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने धाद संस्था की ओर से स्मृति वन में ईगास लोक पर्व मनाया गया। उन्होंने भैलो खेलते हुए प्रदेशवासियों को ईगास की शुभकामनाएं दी। धाद संस्था ने उत्तराखंड के आपदा प्रभावित बच्चों के साथ इगास पर्व मनाया। इस मौके पर धाद के सचिव तन्मय ममगाई, लोकेश नवानी, अर्चना ग्वाड़ी आदि मौजूद रहे।
