विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में मामा के साथ भांजे ने की धोखाधड़ी, कारोबार में मुनाफे का झांसा देकर ठगे 1.09 करोड़

Published: Mon, 05 Oct 2026 08:28 AM (IST)

देहरादून में भांजे ने व्यवसाय में निवेश का झांसा देकर अपने मामा से 1.09 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की, जिसमें जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी का दुरुपयोग भी शामिल है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. भांजे ने व्यवसाय में निवेश के नाम पर मामा से ठगे 1.09 करोड़।

  2. आरोपी ने मामा की जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी कराकर बेची।

  3. सेना में भर्ती के नाम पर भी देहरादून में 5 लाख की धोखाधड़ी।

जागरण संवाददाता, देहरादून। व्यवसाय में निवेश कर मुनाफे का झांसा देकर आरोपित भांजे ने अपने ही मामा से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी कर ली। आरोपित ने निवेश कराने के नाम पर 1.09 करोड़ की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कराइ और अच्छे मुनाफे का भरोसा दिया।

कुछ समय बाद आरोपित टालमटोल करने लगा। यही नहीं आरोपित ने अपने मामा की जमीन की पावर ऑफ अटर्नी कराकर बेच भी दी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीड़ित ने न्यायालय में अपील की। अब न्यायालय के आदेश पर राजपुर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

इस मामले में आईटी पार्क स्थित दून डिवाइन एन्क्लेव सोसायटी निवासी रविन्द्र सिंह ने राजपुर पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनकी बहन के बेटे आरोपित सिद्धार्थ उर्फ बख्शी निवासी ओल्ड कनॉट प्लेस ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि उसने नया व्यवसाय शुरू किया है और उसमें निवेश करने पर काफी लाभ होगा।

झांसा दिया कि कई लोगों ने इस व्यवसाय में निवेश किया है, जिन्हें लाभ हुआ है। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपित को जून 2021 से फरवरी 2022 तक अलग-अलग किश्तों में 1.09 करोड़ रुपये निवेश करने के लिए ट्रांसफर कर दिए। इस बीच आरोपित ने व्यवसाय में लाभ होने और जल्द मुनाफे के साथ रकम लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो आरोपित ने टालमटोल करना शुरू कर दिया।

आरोपित ने पीड़ित का फोन तक उठाना बंद कर दिया। यही नहीं आरोपित ने भरोसे में लेकर पीड़ित की जमीन की पावर आफ अटर्नी भी अपने नाम करा ली। इसके बाद जमीन के कुछ हिस्से को बेच भी दिया गया। इसका पता चलने पर पीड़ित ने बाद में पावर आफ अटर्नी निरस्त कराई।

पीड़ित के मुताबिक, घटना के बाद उन्होंने राजपुर थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा। उन्होंने बताया कि आरोपित ने उनके बड़े भाई से भी निवेश करने के नाम पर 55 लाख से ज्यादा रुपये झांसे से लिए है।

आर्मी में भर्ती कराने के नाम पर पांच लाख की धोखाधड़ी

वहीं दूसरी ओर देहरादून में आर्मी में मेजर बताकर आरोपित ने बेटे को भर्ती कराने का झांसा देकर पीड़ित पिता से पांच लाख रुपये हड़प लिए। इस बीच नौकरी लगवाने की बात कहकर आरोपित पीड़ित और उसके बेटे को दून में अलग-अलग होटल और गेस्ट हाउस में भी लेकर आया।

शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पिथौरागढ़ के धोलकांडा निवासी हीराबल्लभ पांडेय ने कैंट पुलिस को शिकायत की। उन्होंने बताया कि हल्द्वानी के मानपुर दैलवचौड़ निवासी आरोपित दीपक उर्फ गोविंद सिंह नयाल ने खुद को लखनऊ में आर्मी में मेजर बताया और पीड़ित के बेटे को आर्मी में भर्ती कराने का झांसा दिया।

इसके लिए पीड़ित ने आरोपित को अलग-अलग किश्तों में पांच लाख रुपये दिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपित ने फोन तक नहीं उठाया। आरोपित ने न ही नौकरी लगवाई न ही रकम वापस की।

यह भी पढ़ें- देहरादून हत्याकांड: पति दिव्यांग हुआ तो बदला मीना का दिल, खून से रंगे हाथ, सात साल छोटे प्रेमी संग किया खून