Dehradun के ऑटो बाजार में नवरात्र पर गाड़ी खरीदने की होड़, छह दिन में बिकीं 5000 गाड़ियां और 2500 की प्री-बुकिंग
दून के ऑटो बाजार में नवरात्र के दौरान गाड़ियों की बिक्री में उछाल देखा गया है, जहां ग्राहक बजट, माइलेज और सुरक्षा के आधार पर वाहन चुन रहे हैं।

दून शहर में दोपहिया और चौपहिया मिलाकर करीब 5000 वाहनों की बिक्री हो चुकी है। Jagran
HighLights
दून में नवरात्र पर 5000 वाहन बिके, 2500 प्री-बुकिंग
ग्राहक बजट, माइलेज, सुरक्षा देख रहे, एसयूवी पसंद
शुभ मुहूर्त पर डिलीवरी के लिए पहले से तैयारी
अंकुर अग्रवाल, देहरादून। नवरात्र में नई गाड़ी घर लाने की चाह दून के आटो बाजार में रौनक बढ़ा रही है। शोरूम में ग्राहक सिर्फ गाड़ी देखने नहीं पहुंच रहे, बल्कि बजट, माइलेज, सुरक्षा, किस्त और डिलीवरी की तारीख का हिसाब लगाकर फैसला कर रहे हैं। किसी परिवार की पसंद एसयूवी है तो कोई पहली कार के लिए छोटी गाड़ी तलाश रहा है।
दोपहिया बाजार में भी रोजाना के सफर के लिए कम खर्च वाली बाइक व स्कूटी की मांग के बीच ग्राहक अलग-अलग विकल्पों की तुलना कर रहे हैं। त्योहारी खरीदारी में शुभ मुहूर्त अहम है, लेकिन गाड़ी पसंद आने के बाद अगला सवाल यही है कि उसकी डिलीवरी नवरात्र या दशहरे पर मिल जाएगी या नहीं।
ग्राहक बुकिंग से पहले उपलब्ध रंग, पसंदीदा माडल, बीमा, पंजीकरण और ऋण की शर्तें तक पूछ रहे हैं। यानी खरीदारी का फैसला सिर्फ पसंद पर नहीं, जेब के हिसाब पर भी टिक रहा है।
नवरात्र में अब तक बिक गए 5000 वाहन, 2500 की बुकिंग
नवरात्र के शुरुआती छह दिनों में ही दून शहर में दोपहिया और चौपहिया मिलाकर करीब 5000 वाहनों की बिक्री हो चुकी है। शोरूमों और आरटीओ कार्यालय से मिले रिकार्ड के अनुसार अब तक इनमें से करीब 1500 वाहन पंजीकृत भी किए जा चुके हैं, जबकि बाकी का पंजीयन चल रहा है। इसके अतिरिक्त करीब 2500 वाहनों की अष्टमी, नवमी व दशहरे के लिए प्री-बुकिंग है।
कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो वाहन तो खरीद चुके हैं, पर डिलीवरी नवमी या दशहरे पर लेंगे। दरअसल, नवरात्र से दशहरा और धनतेरस तक वाहन खरीदने की परंपरा के कारण ग्राहक पसंदीदा तारीख पर डिलीवरी चाहते हैं। शोरूमों में करवाचौथ व धनतेरस के लिए भी प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है।
एसयूवी का आकर्षण, छोटी कारों का अपना बाजार
दून के शोरूमों में मारुति सुजुकी की स्विफ्ट, डिजायर, ब्रेजा और फ्रोंक्स जैसे माडल अलग-अलग बजट के विकल्प देते हैं। नेक्सा श्रृंखला में बलेनो और ग्रैंड विटारा जैसे वाहन हैं। ह्यूंडई की क्रेटा, वेन्यू और एक्सटर, टाटा की पंच और नेक्सन तथा महिंद्रा की स्कार्पियो-एन, थार और एक्सयूवी 3एक्सओ भी एसयूवी पसंद करने वालों के लिए विकल्प हैं।
शोरूम में ग्राहक केवल बाहरी बनावट नहीं देखते। परिवार के सदस्यों के बैठने की जगह, सामान रखने की क्षमता, ईंधन खर्च और सुरक्षा सुविधाओं की तुलना भी खरीदारी का हिस्सा है। पहली बार गाड़ी लेने वाले ग्राहक शुरुआती कीमत और मासिक किस्त पर ध्यान देते हैं, जबकि बड़ी गाड़ी बदलने वाले ग्राहक सुविधाओं और माडल के उन्नयन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
बाइक और स्कूटी में रोजाना के खर्च का हिसाब
दोपहिया बाजार में हीरो स्प्लेंडर प्लस, होंडा एक्टिवा, शाइन, टीवीएस जुपिटर, एनटार्क व सुजुकी एक्सेस जैसे माडल विकल्पों में शामिल हैं।
बाइक खरीदने वाले ग्राहक माइलेज व रखरखाव का खर्च देख रहे, जबकि स्कूटी में सुविधा और पारिवारिक उपयोग अहम माना जा रहा। इलेक्ट्रिक दोपहिया खरीदने वालों के लिए शुरुआती कीमत के साथ चार्जिंग की सुविधा और एक बार चार्ज करने पर मिलने वाली दूरी भी निर्णय का हिस्सा है।
छूट के दावे और वास्तविक कीमत की पड़ताल
पिछले वर्ष जीएसटी में राहत के बाद वाहन खरीदने वालों के लिए कीमत का गणित बदला है। त्योहारी प्रस्तावों में नकद छूट, पुराने वाहन के बदले अतिरिक्त लाभ व ऋण संबंधी योजनाएं हर शोरूम में शामिल हैं। ग्राहक भी शोरूमों में आकर योजनाओं की जानकारी ले रहे।
हमारे शोरूम से अब तक मारूति की 300 कारें बेची जा चुकी हैं, जबकि शहर में बात करें तो मारूति कंपनी की करीब 700 कारें बिक चुकी हैं। नवमी व दशहरे तक 300 से अधिक कारों की बुकिंग है। ब्रेजा व ग्रैंड विटारा की सेल सबसे अधिक है। -गौरव अरोड़ा, ग्रुप सीईओ डीडी मोटर्स
अब तक हमारे शोरूम से हीरो के 250 वाहनों की बिक्री हो चुकी है और 70 वाहनों की प्री-बुकिंग है। डेस्टिनी और स्पेंलडर की मांग बरकरार है। -ओम प्रकाश, जीएम सानवी हीरो
होंडा टूव्हीलर पर लोगों का भरोसा कायम है। हम अपने शोरूम से अब तक 400 वाहन बेच चुके हैं और 125 की प्री-बुकिंग है। होंडा का एक्टिवा और शाइन बाइक के साथ अब बाइक का 350 माडल भी लोगों को पसंद आ रहा है।-अक्षय दहिया, निदेशक डीएस होंडा
टाटा कंपनी की 230 गाड़ियां बेच दी हैं और 350 की प्री बुकिंग है। पंच, कर्वी और पिछले साल लांच हुए सफारी माडल की मांग लगातार बनी हुई है। -केके नौटियाल, जीएम सेल्स, ओबराय मोटर्स
महिंद्रा और ह्यूंडई की 450 कारें अब तक बिक चुकी हैं और 500 की प्री बुकिंग है। स्कार्पियो एन व क्लासिक के साथ थार, एक्सयूवी और क्रेटा, आइ-20 व अल्काजार लोगों की पसंद बनी हुई है। -विपिन शर्मा, सीईओ, डीडीपीएम
यह भी पढ़ें- Kanpur Auto Market: नवरात्र में वाहन खरीदने की धूम, छह दिन में 2,598 गाड़ियां बिकीं, बाइक-स्कूटी की सबसे ज्यादा मांग
यह भी पढ़ें- अयोध्या में दुर्गापूजा महोत्सव के चलते तीन दिन लागू रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन, इन रूट से होगा वाहनों का आवागमन
