विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Dehradun Murder Case: 500 कैमरे खंगाले, फिर भी अंधेरे में युवती की पहचान... अब दो पुराने टैटू खोलेंगे राज

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:22 AM (IST)

देहरादून के जामुनवाला जंगल में मिली युवती की लाश की पहचान तीन दिन बाद भी नहीं हो पाई है, पुलिस 500 से अधिक सीसीटीवी खंगाल चुकी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। शहर के प्रेमनगर क्षेत्र स्थित जामुनवाला के जंगल में बोरे में मिला युवती का शव तीन दिन बाद भी पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है।

घटनास्थल और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों के लगभग 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बावजूद न युवती की पहचान हो सकी है, न हत्या से जुड़ा कोई ठोस सुराग मिला। अब पुलिस की उम्मीद मृतका के शरीर पर बने दो पुराने टैटू पर टिक गई है।

बुधवार को जामुनवाला जंगल में कूड़े के ढेर के पास बोरे में युवती का शव मिला था। चेहरे और गले पर गहरे घाव थे। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और की गई और शव को पहचान छिपाने के लिए जंगल में फेंका गया।

तीन दिन की जांच में यह पता नहीं चल पाया कि युवती कौन थी और उसे वहां तक कौन लाया।पुलिस ने घटनास्थल के आसपास और वहां आने-जाने वाले मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है।

चार टीमें कैमरों की जांच में लगी हैं, जबकि कुल आठ टीमें युवती की शिनाख्त व हत्याकांड की जांच कर रही हैं। फुटेज में एक संदिग्ध कार भी दिखाई दी थी, लेकिन जांच में पता चला कि कार पंचर होने के कारण उस समय घटनास्थल के पास खड़ी थी। इस तरह वह संदिग्ध कार भी जांच में कोई ठोस कड़ी नहीं बन सकी।

कैमरों का नेटवर्क बन रहा बाधा

जंगल और आसपास के क्षेत्र में कैमरों का नेटवर्क भी जांच में बाधा बन रहा है। एक कैमरे से दूसरे कैमरे के बीच काफी दूरी है और कई ऐसे रास्ते हैं, जहां निगरानी नहीं है। पुलिस के लिए शव तक पहुंचने वाले वाहन या व्यक्ति की पूरी गतिविधि जोड़ना मुश्किल हो रहा है।

टैटू दस साल और दो साल पुराने

मृतका के शरीर पर बने दो टैटू अब पहचान की अहम कड़ी हैं। पुलिस के अनुसार, एक टैटू करीब दस साल पुराना और दूसरा लगभग दो साल पुराना है। देहरादून के टैटू बनाने वालों से पूछताछ में पता चला कि ऐसे टैटू दुकानों के बजाय मेलों में बनाए जाते हैं।

मृतका की हथेली पर गुलाब का टैटू भी बना है। पुलिस इन निशानों के आधार पर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। हालांकि टैटू के डिजाइन और उनके बनने की जगह से अभी तक युवती की पहचान नहीं हो सकी है।

दूसरे राज्यों में भी तलाश, हास्टल का रिकार्ड खंगाला

थाना प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार, चंडीगढ़, दिल्ली सहित दूसरे राज्यों की पुलिस से संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बिधौली, प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों के हास्टल व कालेजों का रिकार्ड भी खंगालना शुरू किया है।

जांच की जा रही है कि कहीं कोई छात्रा कुछ दिनों से लापता तो नहीं है। फिलहाल दो पुराने टैटू ही पुलिस के पास ऐसी निशानी हैं, जिनसे मृतका की पहचान तक पहुंचने की उम्मीद बची है।

यह भी पढ़ें- देहरादून: प्रेमनगर में श्रमिक की गला रेतकर हत्या, प्रेम प्रसंग का एंगल खंगाल रही पुलिस

यह भी पढ़ें- देहरादून के प्रेमनगर में जुए के अड्डे पर छापा, तीन जुआरी गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।