देहरादून: न्यायालय में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख की ठगी, आरोपी ने पीड़ित को थमाया फर्जी नियुक्ति पत्र
देहरादून में एक व्यक्ति को सहारनपुर न्यायालय में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर 9 लाख रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
सहारनपुर न्यायालय में क्लर्क की नौकरी का झांसा दिया।
आरोपी ने पीड़ित से 9 लाख रुपये की ठगी की।
फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और चेक बाउंस हो गया।
जागरण संवाददाता, देहरादून। जिला एवं सत्र न्यायालय सहारनपुर में क्लर्क की नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपित ने नौ लाख रुपये की ठगी कर दी। का मामला सामने आया है। आरोपित ने नौकरी के नाम पर रकम लेने के बाद पीड़ित को फर्जी नियुक्तिपत्र थमा दिया।
जब नियुक्तिपत्र लेकर युवक न्यायालय पहुंचा तो अधिकारियों ने उसे फर्जी बताते हुए विभाग से जारी होने से इनकार कर दिया। इस मामले में पीड़ित की ओर से एसएसपी को शिकायत दी गई, जिसके बाद वसंत विहार थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हरी विहार वसंत विहार निवासी मनोज राठी के मुताबिक वर्ष 2024 में उनकी मुलाकात परिचित आसिफ अली निवासी सहारनपुर से हुई थी। आसिफ ने बड़े अधिकारियों और नेताओं से जान-पहचान होने का दावा करते हुए उनके भतीजे अंकित राठी की सहारनपुर जिला एवं सत्र न्यायालय में क्लर्क के पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके लिए नौ लाख रुपये मांगे गए। आरोपित ने 29,340 रुपये मासिक वेतन और 60 वर्ष की उम्र तक नौकरी रहने का भी दावा किया।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने 27 मई 2024 को पांच लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद दो से 16 जून के बीच गूगल पे और आरटीजीएस के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 3.94 लाख रुपये और दिए। इस तरह आरोपित को करीब 8.94 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
आरोप है कि 28 मई को आसिफ ने अंकित के नाम का नियुक्तिपत्र भी दे दिया। हालांकि, भतीजे के न्यायालय पहुंचने पर नियुक्तिपत्र फर्जी निकला। रकम वापस मांगने पर आरोपित ने सात लाख रुपये का चेक दिया, जो बैंक में बाउंस हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रुपये लौटाने से इनकार कर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।