विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नए साल में देहरादून की स्वास्थ्य सेवाओं की बदलेगी तस्वीर, सरकारी अस्पतालों में बढ़ेंगी कई सुविधाएं

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:00 AM (IST)

नए साल में देहरादून की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे, जिससे मरीजों को इलाज के लिए निजी संस्थानों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. दून अस्पताल में 575 बेड का नया भवन जल्द होगा शुरू।

  2. किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट से मरीजों को मिलेगी सरकारी सुविधा।

  3. जिला अस्पताल में ब्लड बैंक और डेंटल विंग होगी सक्रिय।

जागरण संवाददाता, देहरादून। नए साल में दून की सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में कई अहम बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों और निजी संस्थानों की दौड़ लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में 575 बेड का नया भवन और किडनी ट्रांसप्लांट यूनिट शुरू होने जा रही है। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक तैयार है, जबकि गांधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालय में डेंटल विंग को पूरी क्षमता से संचालित करने की कवायद चल रही है।

575 बेड का नया भवन होगा शुरू, पार्किंग की समस्या भी होगी कम

करीब 124 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा दून अस्पताल का नया भवन जल्द तैयार होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य करीब 85 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कार्यदायी संस्था ने बाकी काम पूरा करने के लिए दिसंबर तक का समय मांगा है। अस्पताल के एमएस डॉ. आरएस बिष्ट के अनुसार, काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

नए भवन में स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के वार्ड होंगे। इससे अस्पताल में बेड की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को भर्ती कराने में सहूलियत होगी। भवन में दो मंजिला पार्किंग भी बनाई जा रही है, जिससे अस्पताल परिसर में पार्किंग की परेशानी कम होगी।

किडनी ट्रांसप्लांट के लिए नहीं जाना पड़ेगा निजी अस्पताल

दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण यूनिट तैयार की जा रही है। इसका निर्माण पुराने भवन में हो रहा है। फिलहाल प्रदेश में सरकारी स्तर पर किडनी प्रत्यारोपण की सुविधा केवल एम्स ऋषिकेश में उपलब्ध है। ऐसे में दून में यूनिट शुरू होने से मरीजों को सरकारी संस्थान में ही प्रत्यारोपण की सुविधा मिलने का रास्ता खुलेगा। इससे महंगे निजी अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और मरीजों को दूसरे शहरों की दौड़ भी नहीं लगानी पड़ेगी।

ब्लड बैंक तैयार, उपकरणों का इंतजार

जिला चिकित्सालय में ब्लड बैंक का निर्माण पूरा हो चुका है। अब इसके संचालन के लिए उपकरण और अन्य जरूरी संसाधन मिलने बाकी हैं। पीएमएस डॉ. यतेंद्र सिंह के मुताबिक, स्वास्थ्य महानिदेशालय को रिमाइंडर भेजकर उपकरणों की मांग की गई है। अभी सरकारी अस्पतालों में केवल दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में ब्लड बैंक है। ऐसे में कोरोनेशन में यह सुविधा शुरू होने से भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को रक्त के लिए दूसरे अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से पूरी क्षमता से चलेगी डेंटल विंग

गांधी शताब्दी नेत्र चिकित्सालय में डेंटल विंग शुरू तो हो चुका है, लेकिन अभी पूरी क्षमता से संचालित नहीं हो रहा। यहां 10 डेंटल चेयर उपलब्ध हैं, जिनमें से केवल तीन का इस्तेमाल हो रहा है। विशेषज्ञ चिकित्सकों और स्टाफ की कमी के कारण सात चेयर शोपीस बनी हुई हैं।

अब पर्वतीय क्षेत्रों में तैनात चिकित्सकों को यहां नियुक्त करने की तैयारी है। इससे डेंटल ओपीडी का विस्तार होगा और दांतों के इलाज के लिए दून अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का दबाव घटेगा। भविष्य में इसे मल्टीस्पेशलिस्ट डेंटल यूनिट के रूप में विकसित करने की योजना है।

यह भी पढ़ें- देहरादून: कैंटब्लूज और खुखरी क्लब के संस्थापक गोविंद थापा का निधन, फुटबॉल-प्रेमियों में शोक की लहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।