यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देहरादून: गोल्ड लोन के नाम पर एक और फर्जीवाड़ा, ज्वेलर को असली की जगह थमा दिया नकली सोना
दून में एसबीएफसी कंपनी की ओर से गोल्ड लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का एक और मामला सामने आया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। स्माल बिजनेस फिन क्रेडिट (एसबीएफसी) कंपनी की ओर से गोल्ड लोन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का एक और मामला सामने आया है। एक ज्वेलर ने कंपनी पर लाखों रुपये के सोने के बदले नकली सोना थमाने का आरोप लगाया है।
धामावाला निवासी मिक्की सिंह ने शहर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी कि उन्होंने एसबीएफसी के पास अपना असली सोना गिरवी रखकर लोन लिया था। अब वह लोन की रकम 50 लाख रुपये जमा करवा चुके हैं, मगर इसके बदले कंपनी ने उन्हें नकली सोना दिया है। वहीं, दूसरी ओर कंपनी की एरिया सेल्स मैनेजर ने भी कंपनी की इस गड़बड़ी शिकायत पुलिस से की है। एरिया सेल्स मैनेजर मीनाक्षी कौशिक ने शनिवार को एसएसपी और शहर कोतवाली पुलिस को इस बाबत तहरीर दी।
मीनाक्षी का कहना है कि उन्होंने 14 अगस्त को अपने हेड आफिस को सूचना दी थी कि यहां पर सोने के कुछ पैकेट कम हैं। शिकायत के बाद दिल्ली से कंपनी के अधिकारी आए तो यहां के मैनेजर गौरव जैन को दोषी पाया गया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की गई। मगर कुछ नहीं हुआ और ब्रांच में गिरवी रखे सोने की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसमें हेड आफिस के कुछ लोग भी शामिल हुए।
मीनाक्षी का कहना है कि उन्होंने नीलामी प्रक्रिया को रोकने के लिए कई बार कंपनी से कहा, लेकिन वह नहीं माने। इस बीच सितंबर में ज्वेलर मिक्की सिंह कंपनी में गिरवी रखा अपना सोना लेने के लिए आए। कंपनी प्रबंधन ने उनसे पैसे ले लिए, लेकिन उनका सोना नहीं दिया गया। इस पर मिक्की सिंह ने अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में कंपनी व मैनेजर गौरव जैन के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। उस वक्त पुलिस ने नीलामी रुकवा दी, लेकिन अब भी कंपनी में नीलामी की प्रक्रिया जारी है।
हाथ लगाते ही टूट रहा है सोना
ज्वेलर्स मिक्की सिंह गुरुवार को जब अपना सोना लेने कंपनी के कार्यालय में पहुंचे तो आरोप है कि कर्मचारियों ने उन्हें नकली सोने के पैकेट थमा दिया। जब उन्होंने सोना चेक किया तो वह टूट रहा था और हरा पड़ चुका था। उन्होंने विरोध किया तो कुछ दिन बाद आने के लिए कहा। कंपनी ने अपनी गलती भी मानी। बावजूद इसके अब तक उन्हें उनका सोना वापस नहीं किया गया। अब मिक्की ने कंपनी के खिलाफ फिर से तहरीर दी है।
कंपनी अधिकारी व कर्मचारियों की है मिलीभगत
पुलिस के अनुसार इस मामले में कंपनी अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत सामने आ रही है। पुलिस एरिया सेल्स मैनेजर की शिकायत की भी जांच कर रही है। इस मामले में जो भी शिकायतपत्र आ रहे हैं, उन्हें विवेचना में शामिल किया जा रहा है।
शहर कोतवाल रितेश शाह ने कहा, लोन चुकाने के बाद भी ज्वेलर का सोना नहीं लौटाने के मामले में एसबीएफसी के मैनेजर गौरव जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब शिकायतकर्ता ज्वेलर मिक्की सिंह ने असली सोने की जगह नकली सोना थमाने की तहरीर दी है, जिसे विवेचना में शामिल किया गया है। सोने की जांच करवाई जा रही है।
