विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनगणना 2027: आपकी जानकारी रहेगी गोपनीय, बेझिझक करें प्रतिभाग

Published: Mon, 28 Sep 2026 05:50 PM (IST)

जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि एक दिसंबर से शुरू होने वाली जनगणना-2027 में दी गई ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विकास गुसाईं, जागरण, देहरादून। प्रदेश में इस वर्ष एक दिसंबर से जनगणना शुरू होने वाली है। यह जनगणना चार जनवरी, 2027 तक चलेगी। जनगणना में इस बार व्यक्ति की जाति, धर्म व आय के संबंध में भी जानकारी मांगी जा रही है।

आमजन में यह भ्रांति बनी हुई है कि यदि वे सही सूचना देते हैं तो उनकी इस सूचना से न केवल आयकर वाले उन पर नजर रख सकते हैं बल्कि सरकारी योजनाओं से भी उन्हें हाथ धोना पड़ सकता है।

निदेशक जनगणना ईवा आशीष श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान दी जाने वाली कोई भी सूचना अत्यंत गोपनीय होती है। यह सूचना अन्य विभागों के साथ साझा नहीं होती है। यहां तक कि न्यायपालिका में भी जनगणना की सूचना का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है।

जनगणना की सूचना से न कोई किसी सरकारी योजना का लाभार्थी बनता है और न ही किसी को इस सूचना के तहत लाभ के दायरे से हटाया जाता है। दैनिक जागरण विमर्श कार्यक्रम का सोमवार को हिस्सा बनीं निदेशक जनगणना ईवा आशीष श्रीवास्तव ने जनगणना से जुड़े सभी विषयों को साझा किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक दिसंबर से जनगणना का कार्य शुरू होना है।

इसके लिए इस समय प्रगणक व सुपरवाइजर को नियुक्त करने का कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान की गई सूचना का प्रकटीकरण सामूहिक होता है। यानी ब्लाक स्तर पर एकत्र की गई सूचना भी जिला स्तर पर एकीकृत की जाती है।

इसके बाद जिला स्तर पर ही बताया जाता है कि पूरे जिले में किस जानकारी का क्या आंकड़ा है। यानी व्यक्तिगत जानकारी किसी भी स्तर पर किसी के साथ साझा नहीं की जाती है। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे जनगणना में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें और सही जानकारी व सूचनाएं प्रगणकों को दें ताकि गणना के दोहराव से बचा जा सके।

एक से चार जनवरी तक होगी बेघरों की जनगणना

प्रदेश में बेघरों की जनगणना एक से चार जनवरी तक होगी। इस दौरान प्रगणक रात को पुल अथवा चौराहों पर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी लेकर उनकी गणना करेंगे। यह सारी जानकारी मोबाइल एप्लीकेशन के जरिये ही की जाएगी।

पांच से नौ जनवरी तक चलेगा रिवाइज राउंड

चार जनवरी को जनगणना पूरी होने के पश्चात पांच से नौ जनवरी तक रिवाइज राउंड चलेगा। इस दौरान यह देखा जाएगा कि क्या चार जनवरी तक परिवार में किसी नए बच्चे का जन्म तो नहीं हुआ अथवा किसी की मृत्यु तो नहीं हुई। ऐसा होने की स्थिति में यह जानकारी भी मोबाइल एप पर डाली जाएगी।

16 से 30 नवंबर तक होगा स्वगणना का कार्य

जनगणना से 15 दिन पहले स्वगणना का कार्य होगा। इस दौरान आमजन स्वयं ही मोबाइल पर जनगणना विभाग द्वारा जारी वेबसाइट पर जाकर इसमें पूछे गए 40 प्रश्नों के बारे में जानकारी भर सकते हैं। इससे जनगणना में आसानी होगी।

गलत जानकारी देने पर सजा व जुर्माना

निदेशक जनगणना ने बताया कि जनगणना पूरी तरह आमजन द्वारा दी जाने वाली जानकारी के आधार पर होती है। यद्यपि, यह पाए जाने पर कि किसी ने गलत जानकारी दी है अथवा जानकारी छिपाई है तो ऐसे प्रकरणों पर एफआइआर दर्ज किए जाने की व्यवस्था है। दोषी पाए जाने पर तीन साल की सजा व जुर्माना लगाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंंड में आफत बनी बारिश: चारधाम यात्रा रुकी, देहरादून-उत्तरकाशी में भारी बरसात का यलो अलर्ट

यह भी पढ़ें- देहरादून में स्वाइन फ्लू के 15 नए मरीज, कुल संक्रमित 641; डेंगू और कोविड के भी केस मिले