देहरादून में बर्थडे मनाकर लौट रहे युवकों की कार ने मचाया उत्पात, स्कूटी को मारी टक्कर; स्थानीय लोगों ने पीटा
देहरादून के पटेलनगर में देर रात बर्थडे मनाकर लौट रहे पांच युवकों की तेज रफ्तार कार ने पहले एक वाहन ...और पढ़ें
-1791225550381_m.webp)
HighLights
तेज रफ्तार कार ने पहले वाहन, फिर स्कूटी को टक्कर मारी।
कार पलटने के बाद स्थानीय लोगों ने युवकों की पिटाई की।
पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया, दो मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार दौड़ा रहे पांच युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बर्थडे सेलिब्रेट कर लौट रहे युवकों की कार ने पहले एक वाहन को टक्कर मारी। स्थानीय लोगों ने कार को रोकने का प्रयास किया तो युवकों ने रफ्तार और बढ़ा दी। कुछ ही दूरी पर अनियंत्रित कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी और सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कार सवार युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि दो युवक मौके से फरार हो गए।
हादसा पटेलनगर क्षेत्र के विजय रतूड़ी मार्ग पर हुआ। बताया जा रहा है कि पांच युवक बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए कार किराये पर लेकर निकले थे। देर रात सभी कार से वापस लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी अधिक थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान कार ने पहले एक वाहन को टक्कर मार दी। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने कार सवार युवकों को रोकने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवकों ने रुकने के बजाय कार की गति और बढ़ा दी।
इससे मौके पर मौजूद लोगों में भी आक्रोश फैल गया। कार कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में दौड़ती रही। इसी दौरान सामने से जा रही एक स्कूटी को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई।
कार पलटते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद कार में सवार युवकों को बाहर निकाला गया। इस दौरान स्थानीय लोगों और युवकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए लोगों ने कार सवार युवकों की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।
पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में ले लिया, जबकि दो युवक वहां से भाग निकले। स्थानीय लोग युवकों के स्वजन को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जिस तरह युवक तेज रफ्तार में कार दौड़ा रहे थे, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जनहानि वाला नुकसान नहीं हुआ।
बताया जा रहा है कि युवकों ने बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए कार किराये पर ली थी। पुलिस अब कार किराये पर लेने, वाहन कौन चला रहा था और हादसे के समय कार में सवार युवकों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को भी कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विजय रतूड़ी मार्ग पर देर रात तेज रफ्तार में वाहन दौड़ने से पहले भी हादसे की आशंका बनी रहती है। इस घटना में कार ने पहले एक वाहन को टक्कर मारी और रोकने की कोशिश के बाद भी चालक ने वाहन नहीं रोका।
इसके बाद स्कूटी को टक्कर मारकर कार पलट गई। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फरार दोनों युवकों की भी तलाश की जा रही है। जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
